


सात वैचारिक सत्रों में भाजपा कार्यकर्ताओं को मिला संगठन और विचारधारा का प्रशिक्षण
नवगछिया : भारतीय जनता पार्टी द्वारा कार्यकर्ताओं के वैचारिक एवं सांगठनिक विकास को लेकर आयोजित ‘पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान 2026’ के तहत जिला स्तरीय प्रशिक्षण वर्ग का रविवार को नवगछिया में भव्य शुभारंभ हुआ।

कार्यक्रम का उद्घाटन बिहार सरकार के पथ निर्माण मंत्री सह बिहपुर विधायक इं. शैलेंद्र, भाजपा जिलाध्यक्ष मुक्तिनाथ सिंह निषाद, क्षेत्रीय सह संगठन प्रभारी मनीष पांडेय एवं कार्यक्रम प्रभारी प्रफुल्ल चौधरी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
उद्घाटन सत्र में सभी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने सामूहिक रूप से वंदे मातरम् का गायन किया। इसके बाद डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय एवं भारत माता के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई।

कार्यक्रम में पूर्व जिलाध्यक्ष सुबोध सिंह कुशवाहा, पूर्व सांसद अनिल कुमार यादव, पूर्व जिला महामंत्री मनोज कुमार पांडेय, उपाध्यक्ष प्रो. गौतम, मनोज कुमार यादव, जिला महामंत्री प्रभुनंदन चौधरी, मुरारी चिरानिया, संजय शर्मा, पवन यादव, जिला मंत्री बासुकी मंडल, ममता रजक, दिनेश यादव, जिला प्रवक्ता कौशल जायसवाल सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
प्रशिक्षण वर्ग को सात अलग-अलग सत्रों में विभाजित किया गया, जिसमें पार्टी की विचारधारा, संगठन और वर्तमान राजनीतिक चुनौतियों पर विस्तार से चर्चा हुई।

प्रथम सत्र में पूर्व मंत्री सह विधायक सुरेंद्र मेहता ने देश के समक्ष मौजूद चुनौतियों पर अपने विचार रखे। दूसरे सत्र में प्रदेश प्रवक्ता डॉ. प्रीति शेखर ने एकात्म मानववाद एवं सांस्कृतिक राष्ट्रवाद पर विस्तृत चर्चा की।
तीसरे सत्र में प्रदेश महामंत्री राधामोहन शर्मा ने भाजपा की कार्यपद्धति और संगठनात्मक अनुशासन पर प्रकाश डाला। चौथे सत्र में विधायक रजनीश कुमार ने भाजपा के गौरवशाली इतिहास और संघर्षों की जानकारी दी।

पांचवें सत्र में प्रदेश संयोजक बिकास मेहता ने सोशल मीडिया के महत्व और उसके प्रभावी उपयोग पर कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित किया। छठे सत्र में क्षेत्रीय सह प्रभारी मनीष पांडेय ने संगठन विस्तार की रणनीति साझा की। वहीं अंतिम सत्र में प्रदेश प्रवक्ता सुहेली मेहता ने मीडिया विमर्श और पार्टी की बातों को जनता तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने के विषय पर चर्चा की।
कार्यक्रम में दीपक भगत, गौरव सिंह, विक्रम सिंह, रंजीत झा, सुबोध सिंह सहित 14 मंडलों के अध्यक्ष एवं महामंत्री भी मौजूद रहे। बताया गया कि प्रशिक्षण वर्ग का समापन सोमवार शाम चार बजे होगा।
















