


पूर्णिया । समाहरणालय पूर्णिया के जिला जनसंपर्क कार्यालय द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार श्रम संसाधन एवं प्रवासी श्रमिक कल्याण विभाग के तत्वावधान में जिला पदाधिकारी अंशुल कुमार के निर्देश पर जिले के विभिन्न प्रखंडों में बाल श्रम उन्मूलन एवं विमुक्ति को लेकर विशेष धावा दल अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान श्रम प्रवर्तन पदाधिकारियों की संयुक्त टीम द्वारा विभिन्न दुकान, प्रतिष्ठान, होटल, रेस्टोरेंट, ढाबा एवं गैरेजों की जांच की गई, जिसमें कुल दो बाल श्रमिकों को विमुक्त कराया गया।
धावा दल का संचालन श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी नीतू कुमारी की अध्यक्षता में किया गया। टीम में श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी अमन प्रकाश, आदित्य आकाश कुमार सहित प्रयास जैक सोसाइटी के प्रतिनिधि शेखर तिर्की एवं मोहम्मद सज्जाद तथा स्थानीय थाना की पुलिस टीम शामिल रही।
मुक्त कराए गए सभी बाल श्रमिकों को आवश्यक कार्रवाई हेतु बाल कल्याण समिति को सुपुर्द कर दिया गया है। दोषी नियोजकों के विरुद्ध बाल श्रमिक एवं किशोर (प्रतिषेध एवं विनियमन) अधिनियम, 1986 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर प्रति बाल श्रमिक 20 हजार से 50 हजार रुपये तक जुर्माना वसूले जाने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
इस संबंध में श्रम अधीक्षक जगन्नाथ पासवान ने बताया कि जिले में बाल श्रम के विरुद्ध अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा तथा दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।













