


भागलपुर जिले के सुल्तानगंज प्रखंड में बाढ़ के बढ़ते पानी के बीच मंगलवार को दर्दनाक हादसा हो गया। खानपुर पंचायत के दौलतपुर गांव में बाढ़ के पानी में डूबने से 15 वर्षीय रोनक कुमार की मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।

बताया जा रहा है कि रोनक कुमार अपने दोस्तों के साथ बाढ़ के पानी में नहाने गया था। इसी दौरान वह अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। साथ मौजूद लोगों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन उसे पानी से बाहर निकालने में सफलता नहीं मिली।
हादसे के बाद परिजन आनन-फानन में रोनक को लेकर सुल्तानगंज रेफरल अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक रोनक कुमार दौलतपुर गांव निवासी वार्ड सदस्य विपिन कुमार राय का पुत्र था। किशोर की अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना के बाद गांव में भी मातम पसरा हुआ है।
















