


भागलपुर पुलिस ने बड़ी आपराधिक घटना की साजिश को समय रहते विफल करते हुए नाथनगर थाना क्षेत्र के शंकरपुर दियारा से तीन अपराधियों को भारी मात्रा में अवैध हथियार और कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस का दावा है कि गिरफ्तार अपराधी किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की तैयारी में थे और इसके लिए हथियारों का संग्रह कर रखा था।
इस संबंध में सिटी एसपी अतुलेश झा ने सोमवार को प्रेस वार्ता में बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि शंकरपुर दियारा क्षेत्र में कुछ अपराधी एकत्र होकर बड़ी आपराधिक घटना की योजना बना रहे हैं तथा उनके पास अवैध हथियार मौजूद हैं। सूचना मिलते ही नाथनगर थाना पुलिस, एसटीएफ और सशस्त्र बल की संयुक्त टीम का गठन कर इलाके में छापेमारी की गई।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने तीन अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान नाथनगर थाना क्षेत्र के लालूचक निवासी भरत कुमार, सबौर थाना क्षेत्र के रामनगर निवासी नंदकिशोर मंडल तथा परबत्ता थाना क्षेत्र के शंकरपुर दियारा निवासी भोला मंडल के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से एक देसी मस्केट, दो नाली बंदूक, एक देसी कट्टा, 39 जिंदा कारतूस, दो मोबाइल फोन तथा एक मोटरसाइकिल बरामद की है। बरामद हथियारों और कारतूसों को पुलिस ने जब्त कर लिया है।
सिटी एसपी अतुलेश झा ने बताया कि गिरफ्तार अपराधियों से गहन पूछताछ की जा रही है। इनके आपराधिक इतिहास को भी खंगाला जा रहा है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि इनका संबंध किन-किन आपराधिक घटनाओं या गिरोहों से रहा है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि बरामद हथियार कहां से लाए गए और इनका इस्तेमाल किस वारदात में किया जाना था।
उन्होंने कहा कि प्रारंभिक जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि अपराधी किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की तैयारी में थे, लेकिन समय रहते की गई पुलिस कार्रवाई से उनकी साजिश विफल हो गई। मामले में आगे की अनुसंधान और छापेमारी जारी है तथा इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी पहचान की जा रही है।
















