


रिपोर्ट : शयामानंद सिंह
भागलपुर।
सुल्तानगंज के नमामि गंगे घाट पर सोमवार को गंगा स्नान के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। स्नान करने के दौरान 13 वर्षीय एक बालक का पैर अचानक फिसल गया और वह नदी के गहरे गड्ढे (खाई) में समा गया। देखते ही देखते बालक गंगा की तेज धारा में लापता हो गया। घटना के बाद घाट पर अफरा-तफरी मच गई और परिजनों में चीख-पुकार मच गई।
लापता बालक की पहचान सुल्तानगंज थाना क्षेत्र के अब्जूगंज गंगापुर अठगामा गांव निवासी रमन कुमार (13 वर्ष) के रूप में हुई है। बताया जाता है कि वह अपने परिजनों के साथ नमामि गंगे घाट पर स्नान करने आया था। स्नान के दौरान जैसे ही वह पानी में उतरा, उसका पैर अचानक फिसल गया और नीचे बने गहरे गड्ढे में चला गया। कुछ ही क्षणों में वह लोगों की नजरों से ओझल हो गया।
घटना के बाद परिजनों ने शोर मचाकर आसपास मौजूद लोगों से मदद की गुहार लगाई, लेकिन कोई भी तत्काल गहरे पानी में उतरकर बचाव नहीं कर सका। सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने इसकी जानकारी अंचलाधिकारी (सीओ), सुल्तानगंज थाना पुलिस तथा एसडीआरएफ की टीम को दी।
सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा एसडीआरएफ की टीम ने गंगा में लापता बालक की तलाश शुरू कर दी। समाचार लिखे जाने तक बालक का कोई पता नहीं चल सका था और खोजबीन अभियान लगातार जारी था।
परिजनों ने बताया कि घाट पर गहरे गड्ढे होने की उन्हें कोई जानकारी नहीं थी। उनका कहना है कि पानी में उतरते ही पैरों के नीचे की मिट्टी खिसक गई, जिससे बालक सीधे गहरे पानी में चला गया। यदि घाट के खतरनाक हिस्सों को पहले से चिह्नित किया गया होता या चेतावनी बोर्ड लगाए गए होते, तो संभवतः इस प्रकार की दुर्घटना टाली जा सकती थी।
घटना के बाद नमामि गंगे घाट पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। वहीं, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है, जबकि एसडीआरएफ की टीम गंगा में लगातार सर्च अभियान चला रही है।
















