


नवगछिया थाना क्षेत्र के नगरह गांव में बकरी चोरी के आरोप में ग्रामीणों ने एक युवक की जमकर पिटाई कर दी। मारपीट में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल की पहचान खरीक थाना क्षेत्र के खरीक बाजार निवासी मु. कलीम के पुत्र सोनू आलम के रूप में हुई है।
बताया गया कि सोमवार को सोनू आलम नगरह गांव में था। इसी दौरान ग्रामीणों ने उस पर बकरी चोरी करने का आरोप लगाते हुए उसे पकड़ लिया। देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई और आक्रोशित लोगों ने उसकी पिटाई शुरू कर दी। मारपीट में सोनू गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना की सूचना मिलने पर नवगछिया थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को ग्रामीणों के चंगुल से छुड़ाया। पुलिस ने घायल सोनू आलम को इलाज के लिए अनुमंडल अस्पताल नवगछिया पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने उसका प्राथमिक उपचार किया।
सोनू की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए उसे भागलपुर अस्पताल रेफर कर दिया। नवगछिया थाना की पुलिस ने फोन के माध्यम से घटना की जानकारी उसके परिजनों को दी।

युवक ने चोरी के आरोप से किया इनकार
घायल सोनू आलम ने बकरी चोरी के आरोप से साफ इनकार किया है। उसने बताया कि वह अपने घर वापस लौट रहा था। इसी दौरान नगरह गांव के कुछ लोगों ने संदेह के आधार पर उसे पकड़ लिया और बकरी चोरी का आरोप लगाते हुए उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।
घटना के बाद पुलिस पूरे मामले की जानकारी जुटा रही है। युवक पर लगाए गए बकरी चोरी के आरोप की भी जांच की जा रही है। पुलिस की जांच के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
















