


भागलपुर में आगामी बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क और मुस्तैद नजर आ रहा है। इसी कड़ी में भागलपुर के सिटी एसपी शैलेंद्र कुमार सिंह के नेतृत्व में बुधवार को पुलिस लाइन से भव्य फ्लैग मार्च निकाला गया।
फ्लैग मार्च पुलिस लाइन से शुरू होकर शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों और संवेदनशील इलाकों से होकर गुजरा। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने लोगों से आपसी भाईचारे, शांति और सौहार्द के साथ बकरीद का त्योहार मनाने की अपील की।
फ्लैग मार्च में सिटी डीएसपी अजय चौधरी सहित कई इंस्पेक्टर, थाना प्रभारी और बड़ी संख्या में पुलिस बल के जवान शामिल रहे। पूरे मार्च के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस की सक्रियता स्पष्ट रूप से दिखाई दी।
सिटी एसपी शैलेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि बकरीद पर्व के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन पूरी तरह तैयार है। उन्होंने कहा कि असामाजिक तत्वों और अफवाह फैलाने वालों पर विशेष नजर रखी जा रही है। किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने बताया कि बकरीद की नमाज के दौरान मस्जिदों, ईदगाहों और संवेदनशील स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। साथ ही शहर में लगातार गश्ती अभियान भी चलाया जाएगा, ताकि लोग सुरक्षित और शांतिपूर्ण माहौल में पर्व मना सकें।
पुलिस प्रशासन ने लोगों से सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों से बचने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की है।













