


भागलपुर । आगामी बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर समीक्षा भवन में जिला शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला दंडाधिकारी सह जिला पदाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने की। बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों और जिला शांति समिति के सदस्यों ने भाग लिया।
बैठक के दौरान समिति के सदस्यों ने नमाज स्थलों पर साफ-सफाई, ब्लीचिंग पाउडर एवं चुना का छिड़काव, सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, पुलिस गश्ती बढ़ाने तथा पेयजल की समुचित व्यवस्था कराने की मांग उठाई। इसके अलावा महर्षि मेंही आश्रम के समीप जर्जर बिजली तारों की मरम्मत तथा कुर्बानी स्थल पर अपशिष्ट पदार्थों के उचित निष्पादन की आवश्यकता पर भी जोर दिया गया।

जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने कहा कि जिले में सभी पर्व अब तक शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न होते रहे हैं, जिसमें शांति समिति की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने कहा कि बैठक में मिले सभी सुझावों पर गंभीरता से कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि नमाज स्थलों पर साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए तथा ब्लीचिंग पाउडर और चुना का छिड़काव कराया जाए। मरम्मत योग्य सड़कों को जल्द दुरुस्त करने और महर्षि मेंही आश्रम के पास जर्जर बिजली तारों को ठीक कराने के लिए विद्युत विभाग को निर्देश जारी किए गए हैं।
जिलाधिकारी ने पीएचईडी विभाग को नमाज स्थलों के समीप पेयजल के लिए टैंकर उपलब्ध कराने तथा नगर निगम को कुर्बानी स्थल से निकलने वाले अपशिष्ट पदार्थों का समुचित निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी बैठक में विस्तार से चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने सभी थानों को सघन वाहन जांच अभियान चलाने के निर्देश दिए। बिना हेलमेट और बिना वैध कागजात के वाहन चलाने वालों पर कार्रवाई करने को कहा गया। साथ ही परीक्षा को देखते हुए होटल, लॉज और रेस्ट हाउस की जांच तथा वहां ठहरने वाले लोगों का सत्यापन कराने का निर्देश दिया गया।
नगर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि संवेदनशील स्थलों की पहचान कर वहां अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। नमाज के दौरान नियमित गश्ती की व्यवस्था रहेगी। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों पर नजर रखने के लिए विशेष टीम सक्रिय है। लोगों से किसी भी अफवाह पर ध्यान नहीं देने और संदिग्ध सूचना मिलने पर तुरंत पुलिस को जानकारी देने की अपील की गई।
बैठक में संयुक्त निदेशक जनसंपर्क नागेंद्र कुमार गुप्ता, अनुमंडल पदाधिकारी सदर विकास कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अजय कुमार चौधरी, पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय राकेश कुमार सहित कई प्रशासनिक अधिकारी और जिला शांति समिति के सदस्य उपस्थित थे।
















