5
(2)

भागलपुर पुलिस ने 24 घंटे के भीतर तीन अपराधियों को दबोचा

भागलपुर । भागलपुर के एकचारी थाना क्षेत्र के दियारा इलाके में फायरिंग कर दहशत फैलाने की साजिश को पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर नाकाम कर दिया। मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने तीन अपराधियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से हथियार, जिंदा कारतूस और खोखे भी बरामद किए गए हैं।

जानकारी के अनुसार 23 मई की रात तिनघरिया प्राथमिक विद्यालय के पास अपराधियों ने अंधाधुंध फायरिंग कर इलाके में भय का माहौल बनाने की कोशिश की थी। घटना की सूचना मिलते ही भागलपुर पुलिस सक्रिय हो गई।

एसएसपी के निर्देश पर एसटीएफ और 15 से अधिक थानों की पुलिस की संयुक्त टीम गठित कर दियारा क्षेत्र में व्यापक छापेमारी अभियान चलाया गया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने सबसे पहले कर्पूरी मंडल को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने खुलासा किया कि उसके मामा अगहनु मंडल के जेल जाने के बाद इलाके में गिरोह का प्रभाव कम हो गया था, इसलिए दोबारा दहशत कायम करने के उद्देश्य से फायरिंग की गई थी।

कर्पूरी मंडल की निशानदेही पर पुलिस ने अशोक मंडल उर्फ अनिकेत कुमार और आशीष कुमार को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने गिरफ्तार अपराधियों के पास से एक देसी कट्टा, पांच जिंदा कारतूस और दस खोखे बरामद किए हैं।

इस अभियान में एसटीएफ भागलपुर, एकचारी थाना पुलिस तथा कई थानों के सशस्त्र बल शामिल रहे। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले में फरार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

एसडीपीओ गरिमा ने बताया कि दियारा क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस लगातार अभियान चला रही है।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 2

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: