


वन विभाग ने दुर्घटना की आशंका वाले पेड़ों को किया चिह्नित
भागलपुर । वन प्रमंडल भागलपुर द्वारा शहर में सूखे, झुके और रोगग्रस्त पेड़ों की पहचान कर उन्हें हटाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। रविवार को वन क्षेत्र पदाधिकारी कुमार गौतम के नेतृत्व में भागलपुर शहरी क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर ऐसे पेड़ों और टहनियों को चिह्नित कर कटाई एवं छंटाई का कार्य कराया गया, जो आम लोगों के लिए खतरा बन सकते थे।

अभियान के तहत तिलकामांझी चौक से कचहरी चौक के बीच सूखे, झुके और क्षतिग्रस्त पेड़ों की टहनियों की कटाई-छंटाई की गई। वन विभाग ने बताया कि शहर के अन्य कई स्थानों को भी चिन्हित किया गया है, जहां जल्द ही इसी प्रकार का अभियान चलाया जाएगा।
वन विभाग का कहना है कि आंधी और बारिश के दौरान ऐसे पेड़ों से जानमाल की क्षति होने की आशंका बनी रहती है। इसलिए समय रहते इन्हें हटाने की कार्रवाई की जा रही है, ताकि लोगों को आवागमन में परेशानी न हो और दुर्घटनाओं से बचाव हो सके। इस अभियान में नगर निगम ने भी सहयोग प्रदान किया।

वन अधिकारियों ने यह भी बताया कि सभी सूखे पेड़ पूरी तरह अनुपयोगी नहीं होते। कुछ पेड़ “स्टैग ट्री” की तरह कार्य करते हैं, जिनमें कठफोड़वा जैसे कीटभक्षी पक्षी निवास करते हैं। ऐसे पक्षियों की संख्या लगातार घट रही है, इसलिए पर्यावरणीय संतुलन को ध्यान में रखते हुए आवश्यकतानुसार ही कार्रवाई की जा रही है।
शहरवासियों से अपील की गई है कि मौसम विभाग द्वारा जारी आंधी और बारिश की चेतावनियों पर ध्यान दें तथा सूखे और जर्जर पेड़ों से दूरी बनाए रखें।
इस अभियान में वन क्षेत्र पदाधिकारी कुमार गौतम, वन परिसर पदाधिकारी दिनेश कुमार सिंह, वनरक्षी अमरेश कुमार, नीरज कुमार, आदित्य अभिनव, आदित्य कुमार सिंह तथा वनकर्मी मो. नूर खान, अनमोल, विकास और भरत शामिल रहे।
















