


जिलेभर में शांति एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाया जा रहा पर्व
पूर्णिया । बकरीद पर्व को लेकर पूर्णिया जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। जिलेभर में पर्व शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाया जा रहा है। विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन द्वारा सभी संवेदनशील एवं महत्वपूर्ण स्थलों पर दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों तथा पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है।
जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक स्वयं जिले की पल-पल की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए हैं। वहीं सभी अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी तथा थाना अध्यक्ष अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार विधि-व्यवस्था की मॉनिटरिंग कर रहे हैं।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शांति भंग करने वाले तथा कानून को अपने हाथ में लेने वाले असामाजिक तत्वों पर प्रशासन की पैनी नजर है। सोशल मीडिया गतिविधियों की भी निगरानी की जा रही है, ताकि किसी प्रकार की अफवाह फैलाकर माहौल खराब करने की कोशिश को तुरंत रोका जा सके।
जिला नियंत्रण कक्ष से भी पूरे जिले की गतिविधियों की लगातार निगरानी की जा रही है। प्रशासन ने आम लोगों से शांति, भाईचारा एवं सौहार्द बनाए रखते हुए पर्व मनाने की अपील की है।
किसी भी प्रकार की सूचना, शिकायत अथवा सहायता के लिए जिला नियंत्रण कक्ष के दूरभाष नंबर 06454-243000, 242310 एवं 241555 पर संपर्क किया जा सकता है।















