


बक्सर: जिले में सड़क सुरक्षा को मजबूत बनाने के लिए परिवहन विभाग ने बड़ा फैसला लिया है। अब विभाग का चलंत दस्ता दिन के साथ-साथ रात में भी सड़कों पर सक्रिय रहेगा। अभियान के तहत ओवरलोडिंग, बिना परमिट चलने वाले वाहनों और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
परिवहन विभाग के अनुसार, रात के समय भी नियमित जांच अभियान चलाया जाएगा ताकि नियमों का पालन सुनिश्चित हो और सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण लगाया जा सके। विशेष रूप से ओवरलोड वाहनों और अवैध रूप से संचालित वाहनों पर कड़ी नजर रखी जाएगी।

रात्रि ड्यूटी को प्रभावी बनाने के लिए चलंत दस्ते में तैनात सिपाहियों को प्रतिमाह 3,000 रुपये का विशेष भत्ता भी दिया जाएगा। विभाग का मानना है कि इस व्यवस्था से रात में निगरानी और प्रवर्तन कार्य अधिक प्रभावी होगा।
प्रशासन ने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने और सभी आवश्यक दस्तावेज साथ रखने की अपील की है, ताकि कार्रवाई से बचा जा सके और सड़क सुरक्षा सुनिश्चित हो।















