


बेगूसराय के बरौनी जंक्शन पर गुरुवार शाम डिब्रूगढ़ से नई दिल्ली जा रही राजधानी एक्सप्रेस में एक लावारिस बैग मिलने से यात्रियों और रेलवे अधिकारियों के बीच अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही आरपीएफ और जीआरपी की टीम मौके पर पहुंची और सुरक्षा मानकों के तहत बैग की जांच शुरू कर दी।
इसी दौरान बैग का मालिक मौके पर पहुंच गया। पूछताछ में उसने बताया कि वह जल्दबाजी में अपना बैग सीट पर छोड़कर नीचे उतर गया था। पहचान और सत्यापन के बाद बैग उसे सौंप दिया गया। जांच में बैग के भीतर कोई संदिग्ध या आपत्तिजनक वस्तु नहीं मिली।
घटना के बाद यात्रियों ने राहत की सांस ली। रेलवे अधिकारियों ने अपील की है कि यात्रा के दौरान अपने सामान का विशेष ध्यान रखें और किसी भी लावारिस वस्तु की सूचना तुरंत रेलवे सुरक्षा बल या संबंधित अधिकारियों को दें।
















