


बाल भारती समर कैंप में छात्राओं की फ्री फायर कुकिंग बनी आकर्षण का केंद्र, बच्चों ने किया रेन डांस और एरोबिक्स
नवगछिया। नवगछिया के बाल भारती विद्यालय में आयोजित पांच दिवसीय समर कैंप के चौथे दिन शनिवार को विद्यालय परिसर बच्चों की हंसी, उत्साह और रचनात्मक गतिविधियों से पूरी तरह गुलजार रहा। दिनभर आयोजित विभिन्न गतिविधियों में छात्राओं द्वारा प्रस्तुत “फ्री फायर कुकिंग” विशेष आकर्षण का केंद्र बनी रही। वहीं छात्रों ने रेन डांस, एरोबिक्स, योग, शूटिंग एवं टीम एक्टिविटी में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
समर कैंप के चौथे दिन छात्राओं ने बिना गैस और चूल्हे के तैयार किए जाने वाले विभिन्न स्वादिष्ट व्यंजनों की शानदार प्रस्तुति दी। फ्री फायर कुकिंग गतिविधि के दौरान छात्राओं ने अपनी रचनात्मकता, साफ-सफाई, टीम वर्क और पाक कला का बेहतरीन प्रदर्शन किया। बच्चों ने अलग-अलग समूह बनाकर कई आकर्षक एवं स्वादिष्ट व्यंजन तैयार किए, जिन्हें देखकर शिक्षक एवं अभिभावक भी काफी प्रभावित हुए।
विद्यालय प्रबंधन के अनुसार इस गतिविधि का उद्देश्य बच्चों में आत्मनिर्भरता, रचनात्मक सोच, कार्य के प्रति रुचि तथा दैनिक जीवन से जुड़ी उपयोगी कला का विकास करना था। छात्राओं ने पूरे आत्मविश्वास के साथ व्यंजनों को सजाकर प्रस्तुत किया और उनके बारे में जानकारी भी साझा की। कैंप में मौजूद लोगों ने बच्चों की प्रतिभा और प्रस्तुति की जमकर सराहना की।
वहीं दूसरी ओर छात्रों के लिए आयोजित रेन डांस गतिविधि पूरे दिन आकर्षण का केंद्र बनी रही। तेज संगीत की धुन पर बच्चों ने जमकर मस्ती की और शानदार प्रस्तुति देकर सभी का मन मोह लिया। एरोबिक्स सत्र में बच्चों ने पूरे उत्साह और ऊर्जा के साथ भाग लिया। इस दौरान बच्चों को फिटनेस, स्वास्थ्य और शारीरिक सक्रियता का महत्व भी बताया गया।
कैंप में योग, प्रार्थना एवं शूटिंग गतिविधियों का भी आयोजन किया गया। शूटिंग एक्टिविटी में बच्चों ने एकाग्रता, संतुलन और अनुशासन का परिचय दिया। वहीं योग एवं प्रार्थना सत्र के माध्यम से बच्चों को मानसिक शांति, अनुशासन और स्वस्थ जीवनशैली के बारे में जानकारी दी गई।
विद्यालय प्रबंधन समिति के उपाध्यक्ष अजय रूंगटा ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन बच्चों के व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि बच्चों के भीतर छिपी प्रतिभा को पहचान कर उन्हें सही मंच देना समय की आवश्यकता है।
विद्यालय के सचिव अभय प्रकाश मुनका ने कहा कि समर कैंप बच्चों को पढ़ाई के तनाव से अलग एक नया अनुभव प्रदान करता है। इससे बच्चों की रचनात्मक सोच विकसित होती है और वे नई चीजें सीखने के लिए प्रेरित होते हैं।
सह सचिव प्रवीण केजरीवाल ने कहा कि शिक्षा केवल किताबों तक सीमित नहीं होनी चाहिए। खेल, कला, नृत्य और रचनात्मक गतिविधियां बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए बेहद आवश्यक हैं।
विद्यालय के प्राचार्य नवनीत सिंह ने बताया कि समर कैंप के माध्यम से बच्चों में अनुशासन, टीम भावना, नेतृत्व क्षमता और रचनात्मक सोच विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं प्रशासक डी.पी. सिंह ने कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों के मानसिक एवं शारीरिक विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण होते हैं।
बाल भारती पोस्ट ऑफिस रोड के प्राचार्य कौशल किशोर जायसवाल ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि समर कैंप नई प्रतिभाओं को मंच देने का बेहतरीन माध्यम है।
कार्यक्रम का संचालन निखिल चिरानिया ने किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में निभाष मोदी, विकास पांडे, पुरुषोत्तम कुमार, सरवन सोनी, गुड्डू, सुमित्रा पंडित सहित विद्यालय परिवार के अन्य सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
समर कैंप में बच्चों की सक्रिय भागीदारी और उत्साह को देखकर अभिभावकों में भी खुशी का माहौल देखा गया। विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि आने वाले दिनों में भी बच्चों के लिए कई रोचक एवं ज्ञानवर्धक गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।
















