0
(0)

नवगछिया : कटिहार-बरौनी रेलखंड के नारायणपुर रेलवे स्टेशन के पूर्वी रेल समपार मधुरापुर के समीप शनिवार को दर्दनाक हादसा हो गया। रेल ट्रैक पार करने के दौरान मालगाड़ी ट्रेन की चपेट में आने से एक मूकबधिर युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।

मृतक की पहचान भवानीपुर थाना क्षेत्र के मधुरापुर निवासी 25 वर्षीय मुकेश कुमार, पिता निरंजन साह के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि शनिवार सुबह करीब 11 बजे मुकेश रेल ट्रैक पार कर रहा था, तभी अप लाइन से गुजर रही मालगाड़ी ट्रेन की चपेट में आ गया। हादसा इतना भयावह था कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही बिहपुर रेल जीआरपी पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। वहीं हादसे की जानकारी मिलते ही मृतक की मां मीरा देवी सहित अन्य परिजन रोते-बिलखते घटनास्थल पर पहुंचे। शव से लिपटकर परिजनों का दहाड़ मारकर रोना देख मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं।

ग्रामीणों ने बताया कि मुकेश छह बहनों में इकलौता भाई था। उसकी चार बहनों की अभी शादी नहीं हुई है। मुकेश बचपन से ही मूकबधिर था और उसे सुनाई भी नहीं देता था। इसी कारण उसकी शादी भी नहीं हो सकी थी। वह अपने पिता के साथ मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था। बताया जा रहा है कि पिछले कुछ दिनों से उसकी मानसिक स्थिति भी ठीक नहीं थी।

रेल पुलिस द्वारा आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडल अस्पताल भेजने की तैयारी की जा रही थी, लेकिन ग्रामीणों एवं परिजनों के आग्रह पर शव का पोस्टमार्टम नहीं कराया जा सका। देर शाम चकरामी गंगा घाट पर उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया।

बिहपुर रेल जीआरपी थानाध्यक्ष कुंवर प्रताप यादव ने बताया कि मालगाड़ी ट्रेन की चपेट में आने से एक मूकबधिर युवक की मौत हुई है। ग्रामीणों और परिजनों के आग्रह पर पोस्टमार्टम नहीं कराया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 0 / 5. Vote count: 0

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: