0
(0)

नवगछिया के खरीक थाना क्षेत्र अंतर्गत काजी कोरैया गंगा घाट पर शनिवार को बड़ा हादसा हो गया। विद्यालय से छुट्टी के बाद दोस्तों के साथ गंगा में नहाने गए चार छात्र नदी के गहरे पानी में चले गए। ग्रामीणों की तत्परता से दो छात्रों को सुरक्षित बचा लिया गया, जबकि दो छात्र गंगा की तेज धारा में डूब गए। बाद में एसडीआरएफ और गोताखोरों की मदद से दोनों के शव बरामद किए गए।

मृतकों की पहचान खरीक थाना क्षेत्र के गोट खरीक निवासी 16 वर्षीय बमबम कुमार, पिता कुनकुन हरिजन तथा 12 वर्षीय अनिकेत कुमार, पिता सुबोध हरिजन के रूप में हुई है। दोनों छात्र उच्च विद्यालय खरीक में पढ़ाई करते थे। बमबम आठवीं तथा अनिकेत सातवीं कक्षा का छात्र था।

प्राप्त जानकारी के अनुसार विद्यालय में छुट्टी होने के बाद चार-पांच छात्र एक साथ घर जाने के बजाय विद्यालय की ड्रेस में ही काजी कोरैया गंगा घाट नहाने चले गए। घाट पर सभी छात्र नदी में उतरकर नहाने लगे। बताया जा रहा है कि किसी भी छात्र को तैरना नहीं आता था। नहाने के दौरान पहले दो छात्र गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। उन्हें बचाने के प्रयास में अन्य छात्र भी नदी में कूद पड़े। इसी दौरान एक-दूसरे को बचाने की कोशिश में सभी तेज बहाव की चपेट में आ गए।

घाट पर मौजूद ग्रामीणों ने छात्रों की चीख-पुकार सुन तुरंत नदी में छलांग लगाई और दो छात्रों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। हालांकि बमबम और अनिकेत गहरे पानी में डूब गए। घटना की सूचना मिलते ही खरीक थानाध्यक्ष नरेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। इसके बाद एसडीआरएफ टीम एवं स्थानीय गोताखोरों की सहायता से खोजबीन शुरू की गई। करीब तीन से चार घंटे की मशक्कत के बाद दोनों शव काजी कोरैया गंगा घाट के समीप से बरामद किए गए।

पुलिस ने आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडल अस्पताल नवगछिया भेज दिया। घटना की जानकारी मिलते ही मृतक छात्रों के घरों में कोहराम मच गया। रोते-बिलखते परिजन गंगा घाट पहुंचे। ग्रामीणों के अनुसार दोनों परिवार बेहद गरीब हैं और मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं।

खरीक थानाध्यक्ष नरेश कुमार ने बताया कि गंगा में नहाने के दौरान डूबने से दो छात्रों की मौत हुई है। दोनों शवों को बरामद कर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है। मामले में अब तक परिजनों की ओर से आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। आवेदन मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 0 / 5. Vote count: 0

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: