


नवगछिया : विक्रमशिला सेतु के क्षतिग्रस्त होने के बाद भागलपुर और नवगछिया के बीच आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। पुल पर वाहनों की आवाजाही बाधित रहने के कारण हजारों लोगों को रोजाना गंगा नदी पार कर नाव यात्रा का सहारा लेना पड़ रहा है। इसी बीच नवगछिया के महादेवपुर गंगा घाट पर शनिवार को एक ऐसी तस्वीर देखने को मिली, जिसने लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया और देखते ही देखते चर्चा का विषय बन गई।

दरअसल, नाव से गंगा पार कर रही एक महिला यात्री हेलमेट पहनकर यात्रा करती नजर आई। नाव पर बैठे अन्य यात्रियों और घाट पर मौजूद लोगों को पहले लगा कि शायद महिला बाइक से उतरकर जल्दबाजी में सीधे नाव पर बैठ गई हैं और हेलमेट उतारना भूल गई हैं। लेकिन जब लोगों ने महिला से बातचीत की तो हेलमेट पहनने की असली वजह सामने आई, जिसे सुनकर हर कोई उनकी सूझबूझ और समझदारी की तारीफ करने लगा।
महिला यात्री पार्वती देवी ने बताया कि वह बाइक से यात्रा कर घाट तक पहुंची थीं। सड़क यात्रा के दौरान सुरक्षा नियमों का पालन करते हुए उन्होंने हेलमेट पहन रखा था। नाव यात्रा शुरू होने के बाद गंगा नदी के बीच तेज धूप और गर्म हवाओं का सामना करना पड़ रहा था। ऐसे में उन्होंने सिर को धूप और गर्म हवा से बचाने के लिए हेलमेट उतारने के बजाय उसे पहने रखना ही बेहतर समझा।
पार्वती देवी ने मुस्कुराते हुए कहा कि हेलमेट केवल सड़क दुर्घटनाओं से सुरक्षा के लिए ही नहीं, बल्कि तेज धूप से बचाने में भी काफी मददगार साबित हो रहा है। उन्होंने कहा कि गंगा के बीच धूप इतनी तेज थी कि सिर और चेहरे पर सीधी गर्म हवा लग रही थी। ऐसे में हेलमेट ने उन्हें काफी राहत दी।

महादेवपुर घाट पर मौजूद कई लोगों ने महिला के इस अनोखे प्रयोग को “देशी जुगाड़” बताते हुए उनकी सराहना की। लोगों का कहना था कि परिस्थितियां चाहे जैसी भी हों, यदि इंसान समझदारी और संयम से काम ले तो हर समस्या का समाधान निकाला जा सकता है। कई यात्रियों ने इसे वर्तमान हालात की मजबूरी के बीच एक व्यावहारिक सोच का उदाहरण बताया।
गौरतलब है कि विक्रमशिला सेतु के क्षतिग्रस्त होने के बाद बड़ी संख्या में लोग नाव के सहारे भागलपुर और नवगछिया के बीच यात्रा कर रहे हैं। सुबह से लेकर देर शाम तक महादेवपुर घाट पर यात्रियों की भारी भीड़ देखी जा रही है। तेज धूप, गर्म हवाओं और लंबी इंतजार के बीच लोग किसी तरह अपनी यात्रा पूरी कर रहे हैं।
इसी बीच महादेवपुर घाट पर हेलमेट पहनकर नाव यात्रा करती महिला की यह तस्वीर न केवल लोगों के बीच आकर्षण का केंद्र बनी रही, बल्कि यह संदेश भी देती नजर आई कि कठिन परिस्थितियों में भी सूझबूझ और व्यवहारिक सोच इंसान को हर हालात में राहत दिला सकती है।
















