


नवगछिया : अनुमंडल प्रशासन नवगछिया द्वारा आयोजित तीन दिवसीय बिहार दिवस समारोह का शुभारंभ बड़े ही उत्साह, उमंग और भव्यता के साथ हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत सामूहिक दीप प्रज्वलन के साथ की गई, जिसके बाद रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का सिलसिला शुरू हुआ।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों के अंतर्गत आंगनबाड़ी केंद्रों से लेकर विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने नृत्य, संगीत, नाटक एवं लोकगीतों की आकर्षक प्रस्तुतियाँ दीं। इस अवसर पर बाल भारती विद्यालय, सावित्री पब्लिक स्कूल सहित कई शिक्षण संस्थानों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण बाल भारती विद्यालय के बच्चों द्वारा प्रस्तुत “बिहार गौरव गाथा” गान-नृत्य रहा। इस मनमोहक प्रस्तुति में बिहार की समृद्ध सभ्यता, संस्कृति, संस्कार, पारंपरिक त्योहारों, वीर शहीदों एवं महान साहित्यकारों को भावपूर्ण और जीवंत रूप में दर्शाया गया।
प्रस्तुति में खुशी, फ़िज़ा, आराध्या सहित दर्जनों बच्चों ने हिस्सा लिया और अपने शानदार अभिनय एवं नृत्य के माध्यम से बिहार की गौरवशाली विरासत को मंच पर सजीव कर दिया। “बिहार गौरव गाथा” गान का निर्देशन कथक नृत्य गुरु निभाष मोदी द्वारा किया गया, जिनके कुशल मार्गदर्शन में बच्चों ने बेहतरीन तालमेल, भाव-भंगिमा और प्रस्तुति का प्रदर्शन किया।
बच्चों की शानदार प्रस्तुति से पूरा पंडाल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा और दर्शकों ने जमकर उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन न केवल बच्चों की प्रतिभा को मंच प्रदान करते हैं, बल्कि बिहार की समृद्ध संस्कृति, परंपरा और गौरवशाली इतिहास को आगे बढ़ाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
पूरे कार्यक्रम के दौरान उत्सव का माहौल बना रहा और बिहार दिवस के इस आयोजन ने लोगों में गर्व और सांस्कृतिक चेतना का संचार किया।













