


नवगछिया। भवनपुरा निवासी एक युवक को साइबर ठग ने बैंक अधिकारी बनकर झांसे में लिया और उसके बैंक खाते से कुल 1,21,688 रुपये की साइबर ठगी कर ली। घटना के बाद पीड़ित मिथुन कुमार (30) ने थाने में आवेदन देकर मामले की जांच एवं कार्रवाई की मांग की है। साथ ही साइबर हेल्पलाइन 1930 पर भी शिकायत दर्ज कराई गई है।

पीड़ित मिथुन कुमार ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि 22 अगस्त की शाम करीब चार बजे उसके मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से फोन आया। फोन करने वाले व्यक्ति ने खुद को यूको बैंक का कर्मचारी बताया। उसने कहा कि मिथुन के बैंक खाते से दो लाख रुपये भेजे जा रहे हैं, लेकिन किसी कारण से लेन-देन नहीं हो पा रहा है। इसके बाद आरोपी ने खाते को अपडेट कराने की बात कही।

मिथुन ने आरोपी से कहा कि वह बैंक जाकर अपना खाता अपडेट करा लेगा, लेकिन साइबर ठग ने उसे भरोसे में लेते हुए कहा कि वह खुद ही खाते को अपडेट करा देगा। इसके बाद आरोपी ने मिथुन के वाट्सऐप नंबर पर ‘Account Update APK’ नाम का लिंक भेजा और उसे क्लिक करने को कहा।
पीड़ित के अनुसार, लिंक पर क्लिक करने के बाद उसके बैंक खाते से पहले 95 हजार रुपये, फिर 500 रुपये और चार हजार रुपये कट गए। खाते से राशि कटने की जानकारी मिलने पर मिथुन ने दोबारा आरोपी को फोन किया।
आरोपी ने उसे और झांसे में लेते हुए कहा कि खाता पूरी तरह खाली होने के बाद ही अपडेट होगा और कट चुकी राशि वापस खाते में आ जाएगी। इसके बाद आरोपी ने दूसरे मोबाइल नंबर पर राशि भेजने के लिए कहा। उसके कहने पर पीड़ित ने क्रमशः 19,988 रुपये और 2,200 रुपये भी ट्रांसफर कर दिए।
इस तरह अलग-अलग लेन-देन के माध्यम से पीड़ित के खाते से कुल 1,21,688 रुपये की साइबर ठगी हो गई। ठगी का एहसास होने के बाद पीड़ित ने तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत का नंबर 20508260058974 बताया गया है।
पीड़ित मिथुन कुमार ने पुलिस से पूरे मामले की जांच कर साइबर ठगी में शामिल आरोपी की पहचान एवं गिरफ्तारी करने तथा ठगी गई राशि वापस कराने की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
















