


नवगछिया। बिहार योगा संघ द्वारा आयोजित बिहार राज्य योगा खेल प्रतियोगिता 2026 में नवगछिया के धर्मचंद भगत ने सीनियर वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर नवगछिया एवं भागलपुर जिले का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि से खेल प्रेमियों और स्थानीय लोगों में खुशी का माहौल है।

जिला संयोजक घनश्याम प्रसाद ने बताया कि बिहार राज्य योगा खेल प्रतियोगिता का आयोजन 22 एवं 23 अगस्त 2026 को मुंगेर स्थित इंडोर स्टेडियम में किया गया था। प्रतियोगिता में विभिन्न जिलों के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया।
धर्मचंद भगत ने सीनियर वर्ग में भागलपुर जिले की ओर से प्रतियोगिता में भाग लिया और शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। उनकी इस उपलब्धि को नवगछिया के लिए गौरव का क्षण माना जा रहा है।

धर्मचंद भगत की सफलता पर जिला योगा संघ के अध्यक्ष आरपी राकेश, उपाध्यक्ष रामकुमार साहू, खेल संघ के अध्यक्ष रामदेव प्रसाद, अशोक सिंह, अखिलेश पांडे, सरोज झा, राजेश कुमार राजू, डॉ. अनंत विक्रम, अंतरराष्ट्रीय ताइक्वांडो खिलाड़ी जेम्स, मुकेश कुमार, संजय सिंह, खेल शिक्षक मो. गुलाम मुस्तफा, अभिषेक सहित अन्य लोगों ने उन्हें बधाई दी।
सभी ने धर्मचंद भगत के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उम्मीद जताई कि वह आने वाले समय में भी बेहतर प्रदर्शन कर नवगछिया और भागलपुर का नाम राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन करेंगे।
















