


जल निकासी की व्यवस्था नहीं होने से बढ़ी परेशानी, मंदिर परिसर से करीब 50 घरों के लोगों का भी होता है आवागमन; लोगों ने स्थायी जल निकासी की मांग की
नवगछिया । लगातार तीन दिनों से हो रही बारिश के कारण रंगरा प्रखंड के भवानीपुर स्थित काली मंदिर परिसर में जलजमाव की समस्या उत्पन्न हो गई है। मंदिर का आंगन आसपास के क्षेत्र की तुलना में निचले हिस्से में होने तथा पानी की निकासी के लिए समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण बारिश का पानी परिसर में जमा हो गया है। जलजमाव के कारण मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं और आसपास के ग्रामीणों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

मंदिर परिसर में पानी जमा होने के कारण श्रद्धालुओं को इसी पानी के बीच से होकर मंदिर तक पहुंचना पड़ रहा है। पूजा-अर्चना के लिए आने वाले महिला, पुरुष और बुजुर्ग श्रद्धालुओं को विशेष परेशानी हो रही है। पानी अधिक जमा होने की स्थिति में फिसलने और गिरने का खतरा भी बना हुआ है।
स्थानीय लोगों के अनुसार मंदिर परिसर केवल पूजा-अर्चना का स्थान ही नहीं है, बल्कि आसपास के करीब 50 घरों के लोगों का भी इसी रास्ते से नियमित आवागमन होता है। लगातार जलजमाव के कारण इन परिवारों को भी अपने घरों तक आने-जाने में परेशानी हो रही है। बारिश जारी रहने से समस्या और गंभीर होने की आशंका जताई जा रही है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि मंदिर परिसर में जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण हर बार बारिश के दौरान ऐसी स्थिति उत्पन्न हो जाती है। पानी की निकासी नहीं होने से श्रद्धालुओं के साथ-साथ आसपास रहने वाले लोगों को भी परेशानी उठानी पड़ती है। लोगों ने प्रशासन और मंदिर समिति से जल्द जल निकासी की व्यवस्था कराने की मांग की है।

पंडित शैलेश कुमार झा, विजय झा उर्फ बिजली झा, चंद्रकांत शाह, मुकेश भगत और अरुण यादव ने बताया कि मंदिर परिसर में जलजमाव के कारण श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को काफी परेशानी हो रही है। उन्होंने प्रशासन से तत्काल पानी की निकासी कराने तथा भविष्य में जलजमाव की समस्या से स्थायी रूप से निजात दिलाने की मांग की।
वहीं, मंदिर के व्यवस्थापक प्रशांत कुमार उर्फ पिंटू यादव ने बताया कि मंदिर परिसर से पानी निकालने के लिए जल्द ही अस्थायी व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने कहा कि पानी की निकासी कर श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों की परेशानी को कम करने का प्रयास किया जाएगा।
















