5
(2)

प्रदीप विद्रोही

भागलपुर। तिलकामांझी चौक पर 25 जुलाई को छात्रों के प्रदर्शन के दौरान हुई हिंसा के मामले में भागलपुर पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। पुलिस ने कथित रूप से घटना में शामिल 155 संदिग्धों की तस्वीरें जारी कर आम लोगों से उनकी पहचान कराने में सहयोग की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि पहचान होने के बाद संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ साक्ष्यों के आधार पर विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कार्यालय के अनुसार, 25 जुलाई को छात्रों का प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से चल रहा था, लेकिन इसी दौरान कुछ असामाजिक तत्वों और उपद्रवियों ने माहौल बिगाड़ने का प्रयास किया। आरोप है कि उपद्रवियों ने पुलिस बल, सरकारी वाहनों और अन्य सार्वजनिक संपत्तियों को नुकसान पहुंचाया। तिलकामांझी राष्ट्रीय स्मारक को भी क्षति पहुंचाने की कोशिश की गई, जिसे पुलिस की तत्परता से बचा लिया गया। इस दौरान पुलिसकर्मियों, मीडिया कर्मियों और आम नागरिकों पर ईंट-पत्थर तथा लाठी-डंडों से हमला किए जाने की भी बात कही गई है, जिसमें कुछ लोगों को सामान्य चोटें आईं।
पुलिस ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज, वीडियो रिकॉर्डिंग और सोशल मीडिया पर उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर 155 नामजद तथा करीब 500 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। अब तक 58 लोगों को हिरासत में लिया गया, जिनमें से 42 आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा गया है, जबकि 16 लोगों को बंधपत्र पर रिहा किया गया। अन्य संदिग्धों की पहचान कर उनके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, हिंसा को बढ़ावा देने के आरोप में लगभग 25 सोशल मीडिया अकाउंट भी चिन्हित किए गए हैं। इन अकाउंटों के संबंध में साइबर थाना, भागलपुर में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।
कुर्की-जब्ती की चेतावनी
प्रशासन ने संकेत दिया है कि यदि नामजद या चिन्हित आरोपी गिरफ्तारी से बचने का प्रयास करते हैं, तो उनके खिलाफ कुर्की-जब्ती सहित अन्य कानूनी प्रक्रियाएं अपनाई जा सकती हैं। पुलिस का कहना है कि उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर सभी आरोपियों को कानून के दायरे में लाया जाएगा।
पुलिस की अपील
भागलपुर पुलिस ने नागरिकों से जारी की गई तस्वीरों में संदिग्धों की पहचान होने पर उनकी जानकारी उपलब्ध कराने की अपील की है। साथ ही लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने, सोशल मीडिया पर अपुष्ट या भ्रामक सूचनाएं साझा नहीं करने तथा शांति और सौहार्द बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करने का अनुरोध किया है।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 2

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: