


भागलपुर।भागलपुर में एक युवा होटल संचालक की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत से इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतक की पहचान नाथनगर थाना क्षेत्र के पिपरपांती निवासी 22 वर्षीय राजा कुमार के रूप में हुई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और मौत के कारणों को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं।
जानकारी के अनुसार राजा कुमार बायपास स्थित अपने ढाबे में भाइयों के साथ काम करता था। हाल ही में उसने प्रेम विवाह किया था और पत्नी के साथ वारसलीगंज मोहल्ले में किराये के मकान में रह रहा था।
घटना का खुलासा तब हुआ जब राजा ढाबे पर नहीं पहुंचा और लगातार फोन करने के बावजूद उसका मोबाइल बंद मिला। इसके बाद बड़े भाई राकेश ने पत्नी को फोन किया, जहां से रोने की आवाज सुनाई दी। शक होने पर मां को किराये के मकान भेजा गया, जहां राजा का शव जमीन पर पड़ा मिला। परिजन उसे तुरंत मायागंज अस्पताल ले गए, जहां रात करीब 11 बजे चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
मृतक के गले पर फंदे के निशान पाए गए हैं, जबकि पैर की एक उंगली पर भी चोट के निशान मिले हैं। प्रारंभिक चिकित्सकीय रिपोर्ट में हैंगिंग की आशंका जताई गई है, लेकिन परिस्थितियां संदेह पैदा कर रही हैं कि मामला आत्महत्या है या हत्या।
परिजनों के अनुसार मृतक की पत्नी ने घटना को लेकर अलग-अलग बयान दिए। उसने सास को बताया कि राजा सीढ़ी से गिर गया था, जबकि शरीर पर मिले निशान कुछ और संकेत दे रहे हैं। अस्पताल में भी वह घटना के संबंध में स्पष्ट जानकारी नहीं दे सकी।
बताया जा रहा है कि राजा ने फरवरी माह में प्रेम विवाह किया था। शादी के बाद वह परिवार से अलग किराये के मकान में रह रहा था। शादी के महज दो महीने बाद हुई इस घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। मृतक का मोबाइल फोन जांच का अहम हिस्सा माना जा रहा है, जिससे आखिरी कॉल और संदेशों के आधार पर घटना की सच्चाई सामने आने की उम्मीद है। पुलिस ने कहा है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।















