


नूरपुर गांव की घटना से इलाके में दहशत, एसएसपी ने विशेष टीम गठित कर शीघ्र खुलासे का दिया भरोसा
भागलपुर। भागलपुर के मधुसूदनपुर थाना क्षेत्र में गुरुवार को दिनदहाड़े बदमाशों ने एक घर में घुसकर महिला और उसकी बेटी को बंधक बना लिया तथा सोने-चांदी के जेवर, नकदी और मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, मधुसूदनपुर थाना क्षेत्र के नूरपुर गांव निवासी रविशंकर कुमार की पत्नी नीतू देवी घर के बाहर खड़ी थीं। इसी दौरान तीन से चार युवक किसी बहाने से उन्हें घर के भीतर ले गए। घर में प्रवेश करते ही बदमाशों ने उनकी आंखों पर पट्टी बांध दी और अलमारी की चाबी मांगी।
इसी बीच स्कूल से नीतू देवी की बेटी घर पहुंची तो बदमाशों ने उसे भी बंधक बनाकर चुप रहने की धमकी दी। इसके बाद आरोपियों ने अलमारी में रखे सोने-चांदी के आभूषण और नकदी निकाल ली। जाते समय वे घर का मोबाइल फोन भी अपने साथ ले गए, जिसे कुछ दूरी पर फेंककर फरार हो गए।
बदमाशों के चले जाने के बाद नीतू देवी ने किसी तरह बाहर निकलकर शोर मचाया। आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
सिटी एसपी ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने का निर्देश दिया। वहीं, वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार यादव ने बताया कि मामले के त्वरित खुलासे के लिए सिटी एसपी के नेतृत्व में विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि वैज्ञानिक एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जल्द ही अपराधियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
पुलिस विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है तथा आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी जारी है।















