0
(0)

प्रदीप विद्रोही

भागलपुर। भागलपुर से गुजरात का सफर अब पहले से ज्यादा आसान और सुविधाजनक होने जा रहा है। यात्रियों की बढ़ती मांग और पूर्वी भारत को पश्चिमी भारत से बेहतर रेल संपर्क देने की दिशा में रेलवे ने बड़ा कदम उठाते हुए अहमदाबाद–भागलपुर–अहमदाबाद साप्ताहिक अमृत भारत एक्सप्रेस के नियमित परिचालन का निर्णय लिया है।

अब तक क्लोन स्पेशल के रूप में चल रही 09447/09448 अहमदाबाद–पटना–अहमदाबाद सेवा को नियमित स्वरूप देते हुए रेलवे ने इसे 19423/19424 अहमदाबाद – भागलपुर – अहमदाबाद साप्ताहिक अमृत भारत एक्सप्रेस के रूप में संचालित करने की घोषणा की है।

बुधवार को अहमदाबाद से रवाना होगी ट्रेन:

नई व्यवस्था के तहत 19423 अहमदाबाद – भागलपुर अमृत भारत एक्सप्रेस प्रत्येक बुधवार को शाम 6:30 बजे अहमदाबाद से रवाना होगी। नियमित सेवा की शुरुआत 26 अगस्त 2026 से होगी। ट्रेन तीसरे दिन सुबह 6:40 बजे भागलपुर पहुंचेगी।

वापसी में 19424 भागलपुर – अहमदाबाद अमृत भारत एक्सप्रेस प्रत्येक शुक्रवार को शाम 4:45 बजे भागलपुर से रवाना होगी। यह सेवा 28 अगस्त 2026 से शुरू होगी और तीसरे दिन सुबह 5:25 बजे अहमदाबाद पहुंचेगी।

जमालपुर, सुल्तानगंज और अभयपुर को भी लाभ:

इस ट्रेन के नियमित होने से भागलपुर ही नहीं, बल्कि आसपास के यात्रियों को भी गुजरात आने-जाने का एक महत्वपूर्ण विकल्प मिलेगा। दोनों दिशाओं में ट्रेन का ठहराव पूर्व रेलवे के क्षेत्राधिकार वाले अभयपुर, जमालपुर और सुल्तानगंज स्टेशनों पर होगा।

कारोबार और रोजगार के लिए भी अहम कड़ी:

भागलपुर की पहचान सिल्क सिटी और बिहार के प्रमुख वाणिज्यिक केंद्र के रूप में है, जबकि अहमदाबाद गुजरात का बड़ा औद्योगिक एवं आर्थिक केंद्र है। ऐसे में दोनों शहरों के बीच नियमित साप्ताहिक अमृत भारत एक्सप्रेस की सेवा केवल यात्री सुविधा बढ़ाने तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि व्यापार, रोजगार, शिक्षा और पारिवारिक आवाजाही को भी नई गति देने वाली मानी जा रही है।

रेलवे का यह फैसला खास तौर पर उन यात्रियों के लिए राहत लेकर आया है, जिन्हें भागलपुर और गुजरात के बीच यात्रा के लिए सीमित रेल विकल्पों पर निर्भर रहना पड़ता था।

टिकट बुकिंग की तारीख अलग से घोषित की जाएगी। रेलवे के अनुसार, 19424 भागलपुर – अहमदाबाद साप्ताहिक अमृत भारत एक्सप्रेस के लिए आरक्षण/टिकट बुकिंग शुरू होने की तिथि की सूचना शीघ्र जारी की जाएगी।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 0 / 5. Vote count: 0

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: