


नवगछिया के गोपालपुर सैदपुर महावीर मंदिर परिसर स्थित युगांतर पुस्तकालय में श्री शिव शक्ति योग पीठ के तत्वावधान एवं पूज्य स्वामी आगमानंद महाराज के सानिध्य में आयोजित सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ के चौथे दिन श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। कथा स्थल पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु जुटे और पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।
कथा व्यास एवं मानस-भागवत मर्मज्ञ पंडित प्रेम शंकर भारती ने श्रीमद्भागवत महापुराण की महिमा का वर्णन करते हुए कहा कि भागवत कथा मानव जीवन को धर्म, भक्ति, सदाचार और आत्मकल्याण के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती है। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण की लीलाएं मानवता के लिए लोकमंगल और कल्याण का संदेश देती हैं।

कथा के चौथे दिन भगवान श्रीकृष्ण जन्मोत्सव का भावपूर्ण आयोजन किया गया। श्रीकृष्ण जन्म की कथा सुनकर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। “जय श्रीकृष्ण” के जयघोष से पूरा परिसर गूंज उठा और भक्तों ने भक्ति रस का आनंद लिया
पंडित भारती ने बताया कि खरमास के पावन अवसर पर आयोजित यह कथा ज्ञान यज्ञ पितरों के कल्याण तथा समाज में आध्यात्मिक चेतना के प्रसार के उद्देश्य से किया जा रहा है। उन्होंने श्रद्धालुओं से कथा श्रवण के साथ जीवन में नैतिक मूल्यों को अपनाने का आह्वान किया।

इस अवसर पर कलाकारों एवं आचार्य केशव कुमार द्वारा प्रस्तुत भजन-कीर्तन ने माहौल को और अधिक भक्तिमय बना दिया। देर शाम तक श्रद्धालु भक्ति रस में सराबोर होकर कथा एवं संगीतमय कार्यक्रमों का आनंद लेते रहे।
















