


कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर
पूर्णिया। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश संगठन में पूर्णिया के वरिष्ठ नेताओं को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां मिलने पर जिले भर के कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों में उत्साह का माहौल है। पार्टी नेतृत्व के इस निर्णय का स्वागत करते हुए भाजपा के कार्यकारी जिला अध्यक्ष संजीव कुमार सिंह ने कहा कि यह संगठन की मजबूती और समर्पित कार्यकर्ताओं के सम्मान का प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि भाजपा के वरिष्ठ नेता राकेश कुमार ने पूर्णिया भाजपा में जिला महामंत्री और जिला अध्यक्ष के रूप में संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का कार्य किया है। इसके अलावा उन्होंने प्रदेश संगठन में भी विभिन्न महत्वपूर्ण दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया है। उनके लंबे संगठनात्मक अनुभव, कार्यकुशलता और पार्टी के प्रति समर्पण को देखते हुए प्रदेश एवं केंद्रीय नेतृत्व ने उन्हें भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। यह न केवल उनके लिए बल्कि पूरे सीमांचल और पूर्णिया जिले के लिए गर्व और सम्मान का विषय है।

इसी प्रकार भाजपा के वरिष्ठ नेता अनिल ठाकुर को भी प्रदेश संगठन में प्रदेश उपाध्यक्ष का दायित्व सौंपा गया है। संगठनात्मक अनुभव और पार्टी के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को देखते हुए कार्यकर्ताओं ने इस निर्णय का स्वागत किया है। नेताओं का मानना है कि उनके नेतृत्व और मार्गदर्शन से संगठन को नई ऊर्जा और मजबूती मिलेगी।
कार्यकारी जिला अध्यक्ष संजीव कुमार सिंह ने कहा कि पार्टी नेतृत्व द्वारा लिए गए ये निर्णय भाजपा की संगठनात्मक शक्ति को और मजबूत करने के साथ-साथ कार्यकर्ताओं के मनोबल को भी बढ़ाने वाले हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश कुमार और अनिल ठाकुर के नेतृत्व में भाजपा बिहार में और अधिक सशक्त होकर जनसेवा और विकास के अपने संकल्प को आगे बढ़ाएगी।

उन्होंने कहा कि भाजपा का मूल मंत्र संगठन, सेवा और समर्पण है तथा नए दायित्वों के साथ दोनों नेता प्रदेश स्तर पर पार्टी की विचारधारा और जनकल्याणकारी नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
इस अवसर पर भाजपा जिला टीम के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने भी हर्ष व्यक्त करते हुए दोनों नेताओं को नई जिम्मेदारियों के लिए शुभकामनाएं दीं। शुभकामना देने वालों में जिला उपाध्यक्ष रामनारायण मेहता, ज्ञानेंदु शेखर, अर्चना साह, क्रांति देवी, रेणु झा, राजेश मेहता, अंगद मंडल एवं राजेश रंजन, जिला महामंत्री अरुण राय पुलक एवं संजय पोद्दार, राजीव कुमार पांडेय, चंद्रकला देवी, सचिन राय, मीनाक्षी सिन्हा, प्रीति झा, संजय मिर्धा, मुख्य प्रवक्ता अजीत भगत तथा आईटी सेल संयोजक अमृत चौरसिया सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता शामिल हैं।

सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने प्रदेश नेतृत्व के इस निर्णय का स्वागत करते हुए विश्वास जताया कि नए नेतृत्व में भाजपा संगठन और अधिक सशक्त होगा तथा बिहार के विकास, सुशासन और जनसेवा के लक्ष्य को नई गति मिलेगी।















