5
(1)

कटिहार। बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद ने सोमवार को नगर स्थित राजेंद्र स्टेडियम परिसर में निर्माणाधीन अत्याधुनिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बिहार राज्य भवन निर्माण निगम के प्रबंध निदेशक, महाप्रबंधक एवं अभियंताओं के साथ निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया तथा गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निर्माण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान पूर्व उपमुख्यमंत्री ने प्रशासनिक भवन, बहुउद्देशीय प्रशाल, खेल मैदान एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं के निर्माण कार्यों का अवलोकन किया। उन्होंने बताया कि लगभग 4.79 एकड़ भूमि पर विकसित हो रहे इस आधुनिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के निर्माण पर करीब 28 करोड़ रुपये की लागत व्यय की जा रही है। इसके पूर्ण होने के बाद कटिहार सहित सीमांचल क्षेत्र के खिलाड़ियों को बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

तारकिशोर प्रसाद ने बताया कि स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में निर्मित हो रहा बहुउद्देशीय प्रशाल (मल्टीपरपज हॉल) खिलाड़ियों के लिए अत्यंत उपयोगी साबित होगा। यहां 17 विभिन्न खेलों के आयोजन की सुविधा उपलब्ध होगी। प्रशाल के भूतल पर चार बैडमिंटन कोर्ट बनाए जा रहे हैं, जबकि प्रथम तल पर पांच टेबल टेनिस कोर्ट का निर्माण किया जा रहा है। इसके अलावा खिलाड़ियों के शारीरिक एवं मानसिक विकास को ध्यान में रखते हुए योग एवं ध्यान कक्ष की भी व्यवस्था की जा रही है।

उन्होंने बताया कि प्रशासनिक भवन में खिलाड़ियों के प्रशिक्षण के लिए अत्याधुनिक सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। यहां 30-30 खिलाड़ियों की क्षमता वाले प्रशिक्षण कक्ष, चिकित्सा कक्ष, जिला खेल पदाधिकारी का कार्यालय, सभा कक्ष, आधुनिक स्नानागार एवं शौचालय का निर्माण कार्य प्रगति पर है। इन सुविधाओं से खिलाड़ियों को प्रशिक्षण एवं प्रतियोगिताओं की तैयारी में विशेष सहायता मिलेगी।

पूर्व उपमुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार खेल और खिलाड़ियों को बेहतर मंच उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। कटिहार में बन रहा यह स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स क्षेत्र के युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर देगा तथा राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करेगा।

उन्होंने उम्मीद जताई कि परियोजना पूर्ण होने के बाद कटिहार खेल गतिविधियों का एक प्रमुख केंद्र बनकर उभरेगा और यहां राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं का आयोजन भी संभव हो सकेगा।

निरीक्षण के दौरान भाजपा खेल प्रकोष्ठ के सह-संयोजक बबन झा, भाजपा के पूर्व जिला महामंत्री वीरेंद्र यादव, गजेंद्र नाथ पाठक, अमित गुप्ता उर्फ बबलू सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: