5
(1)

भागलपुर : एशियन बॉल बैडमिंटन महासंघ के तत्वावधान में भारतीय बॉल बैडमिंटन महासंघ एवं बिहार बॉल बैडमिंटन संघ के संयुक्त आयोजन में बी.एन. क्लब, रामनगरी, आशियाना (पटना) में 27 से 29 दिसंबर तक आयोजित होने वाली साउथ एशियन बॉल बैडमिंटन चैंपियनशिप (पुरुष एवं महिला वर्ग) के लिए भारतीय टीम की घोषणा कर दी गई है। इस प्रतियोगिता में भाग लेने वाली भारतीय बॉल बैडमिंटन टीम में बिहार के तीन प्रतिभाशाली खिलाड़ियों का चयन किया गया है।

चयनित खिलाड़ियों में मधेपुरा के दीपक प्रकाश रंजन, वैशाली की साक्षी कुमारी तथा नवगछिया की प्रज्ञा भारती शामिल हैं। इन तीनों खिलाड़ियों का चयन गत 8 नवंबर को नई दिल्ली में आयोजित भारतीय बॉल बैडमिंटन टीम की चयन प्रतियोगिता एवं पूर्व में आयोजित सीनियर राष्ट्रीय बॉल बैडमिंटन चैंपियनशिप में उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर किया गया है।

बॉल बैडमिंटन फेडरेशन ऑफ इंडिया के महासचिव वाई. राजा राव के पत्र के हवाले से जानकारी देते हुए बिहार बॉल बैडमिंटन संघ के सचिव गौरी शंकर ने बताया कि भारतीय पुरुष टीम में शामिल दीपक प्रकाश रंजन बैक पोजीशन की जिम्मेदारी संभालेंगे। वहीं, महिला टीम में चयनित साक्षी कुमारी एवं प्रज्ञा भारती फ्रंट पोजीशन पर खेलेंगी।

भारतीय बॉल बैडमिंटन टीम में चयनित बिहार के इन तीनों खिलाड़ियों की उपलब्धि पर बिहार बॉल बैडमिंटन संघ के अध्यक्ष सह बिहार विधान परिषद सदस्य प्रो. नवल किशोर यादव, उपाध्यक्ष प्रो. सुहेली मेहता, डॉ. सुनील सिंह, मिथिलेश मंडल, संघ के निदेशक सह समाजसेवी पवन कुमार केजरीवाल, संयुक्त सचिव मिताली मित्रा एवं रंजन गुप्ता, संयोजक डॉ. अरुण दयाल, वैशाली के सचिव रवि रंजन कुमार तथा नवगछिया के सचिव सह राज्य प्रवक्ता ज्ञानदेव कुमार ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।

बिहार के खिलाड़ियों के इस चयन से राज्य में बॉल बैडमिंटन खेल को नई पहचान मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: