



पटना/भागलपुर/दरभंगा। बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई के तहत विशेष निगरानी विभाग (SVU) ने भवन निर्माण विभाग के निदेशक (गुणवत्ता) गजाधर मंडल के ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की है। गजाधर मंडल फिलहाल दरभंगा में पदस्थापित हैं।

SVU द्वारा दर्ज FIR संख्या 27/2025 के आधार पर यह कार्रवाई की गई, जिसमें उन पर आय से अधिक 2 करोड़ 82 लाख रुपये की संपत्ति अर्जित करने का गंभीर आरोप लगाया गया है।
सूत्रों के अनुसार, टीम ने दरभंगा, पटना और भागलपुर में स्थित उनके कार्यालय और आवासीय परिसरों पर दबिश दी। छापेमारी का उद्देश्य आय, निवेश, चल-अचल संपत्ति और बैंक खातों से जुड़े दस्तावेजों की जांच करना है। मौके पर फाइलों, वित्तीय कागजात और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की जाँच की जा रही है।

FIR में उल्लेख है कि गजाधर मंडल ने अपने ज्ञात वैध आय स्रोतों से कहीं अधिक संपत्ति अर्जित की है। प्रारंभिक आकलन में लगभग 2.82 करोड़ रुपये की आमदनी से अधिक संपत्ति सामने आई है। यह संपत्ति उनकी सेवा अवधि के दौरान अर्जित की गई बताई जा रही है, जिसकी विस्तृत जांच चल रही है।
छापेमारी के दौरान बैंक खातों, निवेश से जुड़े दस्तावेज, जमीन-मकान के कागजात और अन्य वित्तीय रिकॉर्ड की बारीकी से जांच की जा रही है। SVU यह पता लगाने में भी लगी है कि कथित संपत्ति किन माध्यमों और किन नामों पर रखी गई है।
विशेष निगरानी विभाग के अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल जांच जारी है। दस्तावेजों और संपत्ति की जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले में आधिकारिक रूप से विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी। अगर आरोप प्रमाणित होते हैं, तो गजाधर मंडल के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
बिहार में भ्रष्टाचार के मामलों के प्रति SVU का रुख लगातार सख्त है। वरिष्ठ अधिकारियों के ठिकानों पर हो रही इस कार्रवाई से प्रशासनिक गलियारों में हलचल बढ़ गई है।















