


नवगछिया : बिहपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक सह सत्तारूढ़ दल के सचेतक इं. कुमार शैलेंद्र ने गुरुवार को पटना में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से शिष्टाचार मुलाकात की। इस अवसर पर उन्होंने मुख्यमंत्री को पुष्पगुच्छ भेंट कर उन्हें पदभार ग्रहण करने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
भेंट के दौरान विधायक ने राज्य के समग्र विकास तथा बिहपुर विधानसभा क्षेत्र के सर्वांगीण उन्नयन से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर मुख्यमंत्री के साथ सार्थक चर्चा की। उन्होंने क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देने, बुनियादी सुविधाओं के विस्तार और जनसमस्याओं के त्वरित समाधान पर विशेष जोर दिया। मुख्यमंत्री के साथ हुई बातचीत में विकास योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने और स्थानीय आवश्यकताओं को प्राथमिकता देने पर भी विचार-विमर्श किया गया।
इस दौरान पटना में पार्टी के नेता उत्तम कुमार, कल्याण झा सहित अन्य कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे।
इधर, नवगछिया भाजपा के जिला उपाध्यक्ष प्रो. गौतम ने जानकारी दी कि विधायक इं. कुमार शैलेंद्र हाल ही में लखनऊ में आयोजित भारतीय जनता पार्टी के ‘पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान-2026’ के तहत जोनल वक्ता कार्यशाला में शामिल होकर लौटे हैं। इस कार्यशाला में उत्तर प्रदेश, बिहार और उत्तराखंड के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
उन्होंने बताया कि यह प्रशिक्षण कार्यक्रम पार्टी की संगठनात्मक मजबूती की परंपरा का अहम हिस्सा है, जिसका उद्देश्य कार्यकर्ताओं के वैचारिक, बौद्धिक एवं नेतृत्व कौशल को विकसित करना है। पंडित दीनदयाल उपाध्याय के ‘अंत्योदय’ और ‘एकात्म मानववाद’ के सिद्धांतों पर आधारित इस प्रशिक्षण के माध्यम से जनसेवा और राष्ट्र निर्माण के प्रति समर्पण की भावना को और सुदृढ़ किया जाता है।
कार्यशाला में संवाद कौशल, जनसंपर्क, संगठन विस्तार तथा प्रभावी कार्यप्रणाली पर विशेष मार्गदर्शन दिया गया। विधायक ने कहा कि संगठन ही सबसे बड़ी शक्ति है और इसी विश्वास के साथ निरंतर सीखने और आगे बढ़ने का सिलसिला जारी रहेगा।
















