


नारायणपुर ।भवानीपुर थाना क्षेत्र के नारायणपुर मौजा में एक किसान ने स्थानीय दबंगों पर उसकी तैयार खड़ी मकई फसल को जबरन लूटने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है। इसको लेकर पीड़ित किसान ने जिला प्रशासन से सुरक्षा और न्याय की गुहार लगाई है।
पीड़ित किसान मोहम्मद फखरुद्दीन (पिता–स्व. कबिरुद्दीन), निवासी वार्ड संख्या-13, थाना बिहपुर ने भागलपुर के डीएम, एडीएम, डीआईजी, नवगछिया एसपी, एसडीओ तथा भवानीपुर थानाध्यक्ष को आवेदन देकर अपनी समस्या से अवगत कराया है। उन्होंने अपनी लगभग 5 बीघा भूमि पर लगी मकई फसल की सुरक्षा सुनिश्चित कराने और उसे सुरक्षित घर तक पहुंचाने में प्रशासन से सहयोग की मांग की है।
आवेदन में उल्लेख है कि नारायणपुर मौजा स्थित उनकी जमीन (खाता संख्या-75 सहित विभिन्न खेसरा नंबरों) पर वर्षों से उनका दखल-कब्जा है। उक्त भूमि पर इस समय मकई की फसल पूरी तरह पककर कटाई के लिए तैयार है। किसान का कहना है कि जमीन का परिमार्जन तथा वर्ष 2024-25 का लगान रसीद भी उनके नाम से निर्गत है और सरकारी अमीन की मापी रिपोर्ट भी उनके पक्ष में है।
इसके बावजूद, पड़ोस के कुछ दबंगों पर फर्जी दस्तावेज के आधार पर जमीन पर कब्जा करने और खेत में लगी फसल को हथियार एवं लाठी के बल पर लूटने की धमकी देने का आरोप लगाया गया है। पीड़ित के अनुसार, आरोपितों में मो. जमीर उर्फ जमहरा, मो. रियासत अली, मो. असलम अली, मो. शहादत अली, मो. राहत अली, मो. सालम अली, मो. जावेद उर्फ जाबो, मो. मोनाजिर उर्फ लोलू, मो. जाहिद अली, मो. निजाम समेत अन्य अज्ञात लोग शामिल हैं।
किसान ने यह भी आरोप लगाया है कि गत 5 अप्रैल को उक्त लोगों ने दबंगई दिखाते हुए करीब 3 बीघा गेहूं की फसल काटकर लूट ली थी। विरोध करने पर लाठी-डंडों से हमला करने का प्रयास किया गया, जिससे वह किसी तरह जान बचाकर भाग निकले और इसकी सूचना भवानीपुर थाना को दी।
पीड़ित ने स्थानीय पुलिस पर भी कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाया है। साथ ही उन्होंने बताया कि पूर्व में भी उनके परिवार के साथ कई बार मारपीट की घटनाएं हो चुकी हैं, जिनके संबंध में भवानीपुर थाना में कांड संख्या-220/22 तथा नालसी केस संख्या-544/17 दर्ज है।
घटना के बाद से किसान और उसका परिवार दहशत में है। उन्होंने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने और फसल की सुरक्षा सुनिश्चित कराने की मांग की है।
इस संबंध में भवानीपुर थानाध्यक्ष पुनी शंभू कुमार ने बताया कि जमीन विवाद को लेकर आवेदन प्राप्त हुआ है। दोनों पक्षों को नोटिस जारी कर शनिवार को आयोजित जनता दरबार में सुनवाई के लिए बुलाया गया है। सुनवाई के उपरांत आगे की कार्रवाई की जाएगी।
















