


दो लाख रुपये से अधिक का सामान जलकर राख
नवगछिया थाना क्षेत्र अंतर्गत विक्रमशिला पहुंच पथ पर नवगछिया जीरोमाइल और तेतरी चौक के बीच सड़क किनारे स्थित कंबल-दरी की फुटकर दुकान में शुक्रवार देर रात करीब 1:10 बजे बिजली के शॉर्ट सर्किट से अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया। आगलगी की इस घटना में दुकान में रखा दो लाख रुपये से अधिक मूल्य का सामान जलकर राख हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही नवगछिया अग्निशमन टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों व दुकानदारों के सहयोग से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
पीड़ित दुकानदार शाहबुद्दीन अंसारी (पिता स्व. मास्टर फखरुद्दीन अंसारी), निवासी कसबा सेकनी, थाना शाहाबाद, जिला रामपुर (उत्तर प्रदेश) ने बताया कि वे पिछले कई वर्षों से यहां कंबल-दरी की फुटकर दुकान लगाकर जीविकोपार्जन कर रहे हैं। शुक्रवार आधी रात बिजली के शॉर्ट सर्किट से निकली चिंगारी के कारण तेज आवाज के साथ दुकान में भीषण आग लग गई।
आग में दर्जनों कंबल, सैकड़ों दरियां, झूले, खिलौने, सोलर प्लेट, बैटरी, पहनने के कपड़े, बिस्तर, बर्तन सहित झोपड़ीनुमा दुकान पूरी तरह जलकर नष्ट हो गई। राहत की बात यह रही कि अग्निशमन टीम समय पर पहुंच गई, जिससे आसपास की अन्य दुकानों को नुकसान नहीं हुआ, अन्यथा बड़ी क्षति हो सकती थी।
दुकानदार ने बताया कि उन्होंने बैंक से कर्ज लेकर दुकान शुरू की थी। आगलगी में दो लाख रुपये से अधिक का नुकसान होने से उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने यह भी बताया कि अगले माह उनकी बहन की शादी तय है, लेकिन इस घटना के बाद शादी की तैयारियों पर भी असर पड़ा है।
नवगछिया थानाध्यक्ष पुनि रविशंकर सिंह ने बताया कि आग लगने की सूचना मिलते ही डायल 112 पुलिस टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। पीड़ित की ओर से आवेदन प्राप्त हुआ है, जिसकी एक प्रति अंचल कार्यालय नवगछिया को भेजी जाएगी।













