


7 जून को होगा आयोजन, पूर्णिया में नेत्र बैंक स्थापना की मांग हुई प्रमुख
पूर्णिया।
दधीचि देहदान समिति, पूर्णिया द्वारा आगामी 7 जून को आयोजित होने वाली ब्लाइंड वॉक एवं नेत्रदान-देहदान जनजागरूकता अभियान की तैयारी को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता बिहार प्रदेश दधीचि देहदान समिति के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. अनिल कुमार गुप्ता ने की। इस दौरान कार्यक्रम की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई तथा इसे जनआंदोलन का स्वरूप देने का आह्वान किया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए डॉ. अनिल कुमार गुप्ता ने सीमांचल क्षेत्र में नेत्रदान एवं नेत्र बैंक की आवश्यकता पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि पूर्णिया सहित पूरे सीमांचल क्षेत्र में हजारों लोग कॉर्निया संबंधी समस्याओं के कारण दृष्टिबाधित जीवन जीने को विवश हैं, लेकिन स्थानीय स्तर पर नेत्र बैंक की सुविधा उपलब्ध नहीं होने से जरूरतमंद मरीजों को समय पर सहायता नहीं मिल पाती।
उन्होंने एक हालिया घटना का उल्लेख करते हुए बताया कि एक परिवार ने नेत्रदान के लिए सहमति दी थी, लेकिन पूर्णिया में आवश्यक सुविधाओं और नेत्र बैंक के अभाव के कारण उस नेत्रदान को सफल नहीं बनाया जा सका। उन्होंने इसे क्षेत्र की स्वास्थ्य व्यवस्था की बड़ी चुनौती बताते हुए कहा कि पूर्णिया में नेत्र बैंक की स्थापना होने से सीमांचल सहित आसपास के जिलों के हजारों मरीजों को लाभ मिलेगा।
डॉ. गुप्ता ने समाज, प्रशासन, जनप्रतिनिधियों एवं स्वास्थ्य विभाग से इस दिशा में गंभीर पहल करने की अपील की। उन्होंने कहा कि नेत्रदान और देहदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ आवश्यक आधारभूत संरचना विकसित करना भी समय की आवश्यकता है।
दधीचि देहदान समिति के संरक्षक सुमित प्रकाश ने समिति की स्थापना से लेकर अब तक की यात्रा पर प्रकाश डालते हुए कहा कि स्वर्गीय सुशील कुमार मोदी के मार्गदर्शन में इस अभियान को नई दिशा मिली। उन्होंने बताया कि नेत्रदान एवं देहदान के प्रति लोगों को जागरूक करना आसान नहीं था, लेकिन वर्षों तक चलाए गए जनसंपर्क अभियान, संगोष्ठियों और जागरूकता कार्यक्रमों का सकारात्मक परिणाम सामने आया है।
उन्होंने बताया कि पूर्णिया जिले में अब तक कई सफल नेत्रदान संपन्न हो चुके हैं, जो समाज में बढ़ती जागरूकता का प्रमाण है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले समय में नेत्रदान और देहदान के प्रति लोगों की भागीदारी और बढ़ेगी तथा पूर्णिया में नेत्र बैंक की स्थापना का सपना भी साकार होगा।
प्रेस क्लब पूर्णिया के वरिष्ठ सदस्य नंदू जी ने सुझाव दिया कि इस अभियान को और प्रभावी बनाने के लिए प्रशासन, नगर निगम, महापौर, उपमहापौर, जनप्रतिनिधियों एवं विभिन्न विभागों के अधिकारियों को भी जोड़ा जाए। उन्होंने मीडिया की ओर से पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।
बार एसोसिएशन के प्रतिनिधि सुमन कुमार ने कहा कि अधिवक्ता समाज हमेशा जनहित के कार्यों में अग्रणी भूमिका निभाता रहा है। उन्होंने घोषणा की कि 7 जून को आयोजित ब्लाइंड वॉक में बार एसोसिएशन के सदस्य बड़ी संख्या में भाग लेंगे।
भाजपा जिला प्रवक्ता तौफीक आलम ने कहा कि नेत्रदान एवं देहदान जैसे मानवता से जुड़े कार्यों में सभी समुदायों की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने स्वयं नेत्रदान एवं देहदान का संकल्प लेते हुए समाज के लोगों से भी इस पुनीत कार्य में आगे आने की अपील की।
बैठक में मारवाड़ी महिला संघ, बिहार युवा रक्षा वाहिनी संघ, विश्व हिंदू युवा वाहिनी संघ, श्रीराम सेवा संघ, ग्रीन पूर्णिया एवं जनमन पीपल फाउंडेशन सहित विभिन्न सामाजिक, धार्मिक, शैक्षणिक एवं महिला संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया तथा अभियान को सफल बनाने का संकल्प व्यक्त किया।
वक्ताओं ने कहा कि नेत्रदान किसी दृष्टिहीन व्यक्ति के जीवन में रोशनी ला सकता है, जबकि देहदान चिकित्सा शिक्षा एवं शोध कार्यों के लिए अमूल्य योगदान साबित होता है। इसलिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति को इस महादान के प्रति जागरूक होना चाहिए।
बैठक के अंत में उपस्थित सभी सदस्यों ने 7 जून को आयोजित होने वाली ब्लाइंड वॉक को सफल बनाने, नेत्रदान एवं देहदान के प्रति व्यापक जनजागरूकता फैलाने तथा अधिक से अधिक लोगों को इस अभियान से जोड़ने का सामूहिक संकल्प लिया।
















