


भागलपुर जिले में एलपीजी गैस की आपूर्ति को लेकर जिला प्रशासन ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा है कि गैस की कोई कमी नहीं है। बुकिंग से अधिक संख्या में उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे लंबित मांग (बैकलॉग) तेजी से समाप्त की जा रही है।
जिला आपूर्ति पदाधिकारी सुधीर कुमार ने शनिवार को बताया कि 20 मार्च को करीब 12 हजार उपभोक्ताओं को एलपीजी गैस सिलेंडर मुहैया कराया गया, जबकि बुकिंग इससे काफी कम थी। इस प्रकार अतिरिक्त आपूर्ति कर बैकलॉग को तेजी से कम किया जा रहा है।
उन्होंने जानकारी दी कि जिले में कुल 58 एलपीजी गैस एजेंसियां कार्यरत हैं, जिनमें इंडियन ऑयल (आईओसीएल) के 33, हिंदुस्तान पेट्रोलियम (एचपीसीएल) के 16 एवं भारत गैस (बीपीसीएल) के 9 वितरक शामिल हैं। सभी कंपनियों के क्षेत्रीय प्रबंधकों, अनुमंडल पदाधिकारियों एवं प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों के साथ प्रतिदिन गैस आपूर्ति की समीक्षा की जा रही है।
प्रशासन ने जमाखोरी और कालाबाजारी पर सख्त रुख अपनाते हुए सभी प्रखंडों में धावा दल का गठन किया है। इसके अलावा दंडाधिकारी और पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति भी की गई है, ताकि किसी प्रकार की अनियमितता पर तत्काल कार्रवाई की जा सके।
सभी घरेलू उपभोक्ताओं को बुकिंग के अनुसार होम डिलीवरी के माध्यम से गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जा रहा है। साथ ही, उपभोक्ताओं की शिकायतों के निवारण के लिए जिला नियंत्रण कक्ष 24 घंटे संचालित है। इसका दूरभाष संख्या 0641-2402871 जारी किया गया है।













