


भागलपुर के चर्चित बिल्डर बजरंग कुमार हत्याकांड का पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस ने मामले में एक महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में अवैध संबंध और आपसी विवाद हत्या की मुख्य वजह सामने आई है।
वरीय पुलिस अधीक्षक ने बताया कि तिलकामांझी थाना क्षेत्र स्थित एक कार्यालय में बिल्डर बजरंग कुमार की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, वैज्ञानिक जांच और पूछताछ के आधार पर तेजी से कार्रवाई करते हुए मामले का खुलासा किया।
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बजरंग कुमार का पिरपैंती निवासी सीमा कुमारी के साथ संबंध था। घटना वाली रात भी सीमा कार्यालय में मौजूद थी। पूछताछ के दौरान महिला ने बताया कि दोनों के बीच विवाद हुआ था। पुलिस का आरोप है कि विवाद के बाद जब बजरंग कुमार नशे की हालत में सो गए, तब महिला ने कार्यालय में रखा धारदार दबिया उठाकर उन पर कई वार किए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस का कहना है कि घटना के बाद आरोपी महिला वहां से फरार हो गई थी। हालांकि तकनीकी साक्ष्यों, वैज्ञानिक जांच और पूछताछ के आधार पर कुछ ही घंटों में उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

एसएसपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त धारदार हथियार (दबिया) तथा मामले से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण सामान भी बरामद किए गए हैं। पुलिस आरोपी से आगे पूछताछ कर रही है और मामले में विधि-सम्मत कार्रवाई जारी है।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि मामले की जांच अभी जारी है तथा अनुसंधान के दौरान प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
















