
@ जहाजों की संख्या 12 करने का लक्ष्य, घाट पर नियंत्रण कक्ष, मेडिकल कैंप व एंबुलेंस की व्यवस्था।
प्रदीप विद्रोही
भागलपुर। विक्रमशिला पुल पर आवागमन बंद होने के बाद आम लोगों की सुविधा के लिए संचालित वैकल्पिक यातायात एवं फेरी सेवा की व्यवस्थाओं का जायजा लेने भागलपुर प्रमंडल के आयुक्त प्रेम सिंह मीणा रविवार को बरारी स्थित बियाडा घाट पहुंचे। उन्होंने घाट पर यात्रियों के आवागमन, जहाजों के परिचालन, बोर्डिंग-डिबोर्डिंग प्वाइंट, जेटी तथा यात्रियों की सुरक्षा से जुड़ी व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और अधिकारियों को आवश्यक सुधार के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिला प्रशासन की ओर से विकसित किए गए तीन बोर्डिंग एवं डिबोर्डिंग प्वाइंट की व्यवस्था की समीक्षा की गई। आयुक्त ने जहाजों के निरीक्षण के दौरान उनका स्लोप अपेक्षाकृत अधिक पाया। उन्होंने जहाजों के ढलान को कम करने तथा यात्रियों के सुरक्षित चढ़ने-उतरने के अनुकूल व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही जेटी की ऊंचाई बढ़ाने और गंगा के जलस्तर में होने वाले बदलाव के अनुरूप आवश्यक प्रबंध करने को कहा।
छह सेंटीमीटर बढ़ा गंगा का जलस्तर:
गंगा के जलस्तर की समीक्षा के दौरान अधिकारियों ने बताया कि पिछले 12 घंटे में जलस्तर में करीब छह सेंटीमीटर की वृद्धि हुई है। इसे देखते हुए आयुक्त ने जलस्तर की लगातार निगरानी करने और परिस्थिति के अनुरूप आवश्यक कदम उठाने का निर्देश दिया, ताकि फेरी सेवा का परिचालन सुरक्षित और सुचारु बना रहे।यात्रियों की बढ़ती जरूरत को देखते हुए फेरी सेवा में जहाजों की संख्या बढ़ाकर 12 करने का लक्ष्य रखा गया है। फिलहाल करीब छह जहाजों का परिचालन हो रहा है। यात्रियों की संख्या, जलस्तर और परिचालन की स्थिति के अनुसार जहाजों की संख्या बढ़ाने की कार्रवाई की जाएगी। जलस्तर में और वृद्धि होने की स्थिति में मालवाहक जहाजों के परिचालन समेत अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर भी परिस्थितियों के अनुसार निर्णय लिया जाएगा।
घाट पर नियंत्रण कक्ष और मेडिकल कैंप:

यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए घाट पर अस्थायी नियंत्रण कक्ष, मेडिकल कैंप और एंबुलेंस की व्यवस्था की गई है। आपात स्थिति में यात्रियों को तत्काल सहायता और चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है। यात्रियों के भोजन के लिए जीविका दीदियों के माध्यम से रसोई की व्यवस्था की गई है। जरूरतमंद यात्रियों के रात्रि विश्राम के लिए भी आवश्यक प्रबंध किए गए हैं।जिला प्रशासन की ओर से यात्रियों के सुरक्षित आवागमन और आवश्यक सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए घाट की व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की जा रही है।निरीक्षण के दौरान भागलपुर के आईजी विवेक कुमार, जिला पदाधिकारी अलंकृता पाण्डेय, वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार यादव तथा आयुक्त के सचिव विनोद कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।















