
‘स्वस्थ युवा, स्वस्थ भागलपुर’ अभियान के तहत पिस्ता पासी टोला में छापेमारी, दुर्गा पूजा को लेकर अवैध शराब के खिलाफ बढ़ाई गई निगरानी
भागलपुर में युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से बचाने और मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस का विशेष अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे ‘स्वस्थ युवा, स्वस्थ भागलपुर’ अभियान के तहत बुधवार को बाईपास थाना क्षेत्र के पिस्ता पासी टोला में छापेमारी की गई। इस दौरान करीब 500 लीटर अर्धनिर्मित अवैध देसी शराब बरामद हुई, जिसे पुलिस ने मौके पर ही नष्ट कर दिया।

पुलिस के अनुसार, बाईपास थानाध्यक्ष विकास कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि पिस्ता पासी टोला में अवैध रूप से देसी शराब बनाने और उसकी खरीद-बिक्री का काम किया जा रहा है। सूचना मिलने के बाद थानाध्यक्ष के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने सूचना का सत्यापन करते हुए संबंधित इलाके की घेराबंदी कर छापेमारी की।
इस दौरान पिस्ता पासी टोला स्थित एक गड्ढेनुमा नाले से लगभग 500 लीटर अर्धनिर्मित अवैध देसी शराब बरामद की गई। पुलिस ने शराब को जब्त कर मौके पर ही नष्ट कर दिया।
छापेमारी में एसआई रामदयाल यादव, एएसआई लक्ष्मी कुमारी समेत बाईपास थाना के पुलिस जवान शामिल थे।
दुर्गा पूजा को लेकर लगातार होगी छापेमारी

बाईपास थानाध्यक्ष विकास कुमार ने बताया कि दुर्गा पूजा को देखते हुए क्षेत्र में अवैध शराब और अन्य मादक पदार्थों के खिलाफ लगातार छापेमारी की जाएगी। उन्होंने कहा कि अभियान का मुख्य उद्देश्य युवाओं को नशे से दूर रखना और अवैध कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना है।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और खरीद-बिक्री से संबंधित सूचना मिलने पर आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।















