5
(1)

‘स्वस्थ युवा, स्वस्थ भागलपुर’ अभियान के तहत पुलिस की बड़ी कार्रवाई, दोनों आरोपी बताए जा रहे सगे भाई

भागलपुर के ललमटिया थाना क्षेत्र के मोहनपुर नरगा में पुलिस ने छापेमारी कर भारी मात्रा में नशीले पदार्थ बरामद किए हैं। इस दौरान 107.06 लीटर कोरेक्स सिरप (1076 बोतल), 310 पीस नशीली दवाइयां और 230 ग्राम गांजा बरामद किया गया। पुलिस ने मौके से दो आरोपियों कन्हैया लाल मंडल और बालेश्वर मंडल को गिरफ्तार किया है। दोनों सगे भाई बताए जा रहे हैं।

वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में नशे के अवैध कारोबार पर रोक लगाने के लिए चलाए जा रहे ‘स्वस्थ युवा, स्वस्थ भागलपुर’ अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई।

पुलिस के अनुसार, 13 अक्टूबर को गुप्त सूचना मिली थी कि मोहनपुर नरगा निवासी कन्हैया लाल मंडल और बालेश्वर मंडल अपने घर से नशीले पदार्थों की खरीद-बिक्री कर रहे हैं। सूचना का सत्यापन करने के बाद पुलिस अधीक्षक नगर की निगरानी और नगर-2 के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में छापेमारी टीम गठित की गई।

टीम ने दोनों आरोपियों के घर पर छापेमारी की, जहां से बड़ी मात्रा में कोरेक्स सिरप, नशीली दवाइयां और गांजा बरामद हुआ। इसके बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया।

प्राथमिकी दर्ज, अन्य आरोपियों की तलाश जारी

मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए भी छापेमारी कर रही है।

छापेमारी टीम में ललमटिया थानाध्यक्ष विपिन कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक भूषण प्रसाद सिंह, प्रेमचंद्र कुमार समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।

डीएसपी-2 राकेश कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कार्रवाई की जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, जिले में नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए अभियान के तहत आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: