


नवगछिया। शहर के जहान्वी चौक स्थित एक सीमेंट गोदाम में गुरुवार को काम के दौरान करंट लगने से एक मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद गोदाम में अफरातफरी मच गई। सहकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए घायल मजदूर को इलाज के लिए अनुमंडल अस्पताल नवगछिया में भर्ती कराया, जहां उसका उपचार जारी है।

घायल की पहचान रंगरा थाना क्षेत्र के भवानीपुर निवासी सकलदेव यादव (30) के रूप में हुई है। बताया जाता है कि सकलदेव यादव ट्रक से सीमेंट की बोरियां उतारने का कार्य कर रहे थे। इसी दौरान गोदाम में लगी एक मशीन में अचानक विद्युत प्रवाह आ गया। मशीन के संपर्क में आते ही उन्हें जोरदार करंट लगा, जिससे वह झुलसकर मौके पर ही गिर पड़े।
घटना के बाद गोदाम में मौजूद अन्य मजदूर और कर्मचारियों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया तथा घायल को अस्पताल पहुंचाया। अनुमंडल अस्पताल में चिकित्सकों द्वारा उनका इलाज किया जा रहा है। उनकी स्थिति पर चिकित्सकों की लगातार निगरानी रखी जा रही है।
घटना के बाद गोदाम में कुछ देर के लिए कामकाज भी प्रभावित रहा। हादसे के कारणों की जानकारी जुटाई जा रही है। प्रारंभिक तौर पर मशीन में विद्युत खराबी की आशंका जताई जा रही है।
















