


नवगछिया। अवैध शराब के निर्माण और कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नवगछिया उत्पाद थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कोसी नदी पार संचालित एक अवैध शराब भट्ठी को ध्वस्त कर दिया। इस दौरान पुलिस ने करीब 4 हजार लीटर जावा महुआ घोल एवं 140 लीटर चुलाई शराब बरामद कर मौके पर ही नष्ट कर दिया।
उत्पाद थाना अध्यक्ष प्रमोद कुमार दास के नेतृत्व में कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की गई। पुलिस टीम नाव के जरिए कोसी नदी पार कर नवगछिया थाना क्षेत्र के नवादा स्थित गोढ़ी टोला वार्ड संख्या-14 पहुंची, जहां अवैध रूप से शराब का निर्माण किया जा रहा था।
छापेमारी के दौरान पुलिस टीम को देखते ही शराब निर्माण में शामिल आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शराब बनाने में प्रयुक्त उपकरण एवं अन्य सामग्री को भी जब्त कर नष्ट कर दिया।

इस मामले में उत्पाद थाना पुलिस ने सदा सिंह, पिता रजो सिंह, निवासी नवगछिया थाना क्षेत्र के विरुद्ध बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
उत्पाद थाना अध्यक्ष प्रमोद कुमार दास ने बताया कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और कारोबार के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि किसी भी कीमत पर अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त लोगों को बख्शा नहीं जाएगा तथा ऐसे कारोबारियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
















