


नवगछिया: नवगछिया थाना क्षेत्र के नया टोला पकड़ा वार्ड संख्या-3 में चोरों ने एक सूने घर को निशाना बनाकर नकदी समेत लाखों रुपये मूल्य के सामान की चोरी कर ली। पीड़ित रवि कुमार सिंह ने इस संबंध में नवगछिया थाना में लिखित आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।
आवेदन के अनुसार, रवि कुमार सिंह 2 अगस्त 2026 की रात करीब दो बजे पूरे परिवार के साथ पटना गए थे। 5 अगस्त की सुबह करीब नौ बजे जब वे घर लौटे तो मुख्य दरवाजा अंदर से बंद मिला। घर के अंदर प्रवेश करने पर सभी सामान बिखरा पड़ा था, जबकि पीछे का दरवाजा खुला और मुख्य ताला टूटा हुआ मिला।

पीड़ित ने आवेदन में बताया है कि चोर घर से दो एलसीडी टीवी, इंडक्शन चूल्हा, मिक्सी, महत्वपूर्ण दस्तावेज, बैंक के कागजात, कपड़े तथा बक्से में रखे 65 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए। चोरी गए सामान में अन्य घरेलू वस्तुएं भी शामिल हैं।
पीड़ित ने अपने स्तर से चोरी गए सामान की काफी खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिल सका। उन्होंने पुलिस से मामले की प्राथमिकी दर्ज कर चोरी का जल्द खुलासा करने और दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
















