


भागलपुर । भागलपुर-नाथनगर रेलखंड पर चलती ट्रेन में एक महिला यात्री का बैग नीचे गिराने का मामला सामने आया है। घटना के बाद नाथनगर स्टेशन पर जमकर हंगामा हुआ। स्थानीय लोगों ने आरोपी युवक को पकड़कर उसकी पिटाई कर दी। बाद में मौके पर पहुंची आरपीएफ ने युवक को भीड़ से छुड़ाकर हिरासत में ले लिया।
जानकारी के अनुसार, महिला यात्री साहेबगंज से ट्रेन में सफर कर रही थी। महिला का आरोप है कि ट्रेन में आइसक्रीम बेचने वाला एक युवक उसके बैग को पैर से धक्का देकर भागलपुर और नाथनगर स्टेशन के बीच नीचे गिरा दिया। महिला ने बताया कि बैग में नकदी समेत अन्य जरूरी सामान रखा हुआ था।

महिला ने यह भी आरोप लगाया कि उसी युवक ने ट्रेन में सफर कर रहे एक अन्य युवक का नींबू से भरा बोरा भी नीचे गिरा दिया। बताया जा रहा है कि बोरे में करीब 500 से 600 नींबू थे।
नाथनगर स्टेशन पहुंचते ही महिला ने शोर मचाना शुरू कर दिया। हंगामे की आवाज सुनकर स्थानीय लोग मौके पर जुट गए और आरोपी युवक को पकड़ लिया। लोगों ने गुस्से में उसकी जमकर पिटाई कर दी।
सूचना मिलने पर आरपीएफ की टीम स्टेशन पहुंची और युवक को भीड़ के चंगुल से छुड़ाकर हिरासत में ले लिया। फिलहाल आरपीएफ पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।















