5
(1)

जीरोमाइल से जाह्नवी चौक टीओपी तक निर्धारित समय में नहीं चलेंगे व्यावसायिक वाहन, श्रद्धालुओं के वाहनों के लिए साहू ईंट भट्ठा परिसर में बनेगी पार्किंग

नवगछिया। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा के अवसर पर श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए नवगछिया पुलिस ने यातायात प्लान जारी किया है। इसके तहत 15 और 16 नवंबर को निर्धारित समयावधि में विभिन्न मार्गों पर व्यावसायिक वाहनों के परिचालन पर प्रतिबंध रहेगा। पुलिस प्रशासन ने श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए यातायात व्यवस्था में आवश्यक बदलाव किए हैं, ताकि छठ घाटों तक आने-जाने में किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो।

पुलिस की ओर से जारी निर्देश के अनुसार, 15 नवंबर को दोपहर दो बजे से रात आठ बजे तक तथा 16 नवंबर को रात दो बजे से सुबह आठ बजे तक नवगछिया जीरोमाइल एवं 14 नंबर रोड (तेतरी) से जाह्नवी चौक टीओपी तक व्यावसायिक वाहनों का परिचालन पूरी तरह बंद रहेगा।

इसी प्रकार, दोनों दिनों में निर्धारित समयावधि के दौरान नवगछिया बाजार की ओर जाने वाले सभी प्रकार के व्यावसायिक वाहनों के परिचालन पर रोक रहेगी। इसके अलावा महंत स्थान चौक, बिहपुर चौक एवं मकंदपुर चौक से 14 नंबर रोड में व्यावसायिक वाहनों के प्रवेश पर भी प्रतिबंध लगाया गया है।

वहीं, चांदनी चौक से महादेवपुर घाट जाने वाली सड़क पर सभी प्रकार के वाहनों का प्रवेश वर्जित रहेगा। पुलिस प्रशासन ने इस मार्ग पर यातायात नियंत्रण के लिए आवश्यक निर्देश जारी किए हैं।

साहू ईंट भट्ठा परिसर में होगी पार्किंग की व्यवस्था

नवगछिया की ओर से छठ घाट जाने वाले श्रद्धालुओं के वाहनों की पार्किंग के लिए 14 नंबर रोड स्थित जाह्नवी चौक टीओपी के समीप साहू ईंट भट्ठा परिसर में व्यवस्था की गई है। श्रद्धालु अपने वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थल पर खड़ा कर वहां से छठ घाट तक जा सकेंगे।

नवगछिया पुलिस ने आम लोगों एवं श्रद्धालुओं से निर्धारित यातायात व्यवस्था का पालन करने, प्रतिबंधित मार्गों पर वाहन नहीं ले जाने तथा निर्धारित पार्किंग स्थल का ही उपयोग करने की अपील की है। पुलिस प्रशासन का उद्देश्य छठ महापर्व के दौरान यातायात को सुचारु बनाए रखना और श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं सुविधाजनक आवागमन उपलब्ध कराना है।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: