


नवगछिया।नवगछिया क्रिकेट अकैडमी के खिलाड़ियों ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा का दम दिखाते हुए क्षेत्र का नाम रोशन किया है। अकैडमी से तीन खिलाड़ियों का चयन जिला स्तर की टीम के लिए हुआ है, जो स्थानीय क्रिकेट जगत के लिए गौरव की बात मानी जा रही है।

अकैडमी के अध्यक्ष राजेश कुमार झा (ज्ञान वाटिका प्रिंसिपल) एवं सचिव प्रफुल्ल कुमार सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि नवगछिया क्रिकेट अकैडमी के तीन खिलाड़ियों का चयन Bihar Cricket Association द्वारा आयोजित बीसीए मेंस अंडर-16 प्रतियोगिता के लिए भागलपुर जिला टीम में किया गया है।
चयनित खिलाड़ियों में पीयूष कुमार (भवानीपुर), शहंसा खान (मनिया मोड़) एवं विशाल कुमार सिंह (श्रीपुर) शामिल हैं। तीनों खिलाड़ी अब जिला स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
अधिकारियों ने बताया कि क्रिकेट अकैडमी से लगातार खिलाड़ियों का जिला स्तर पर चयन हो रहा है, जो अकैडमी के बेहतर प्रशिक्षण एवं खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत का परिणाम है।

खिलाड़ियों को तैयार करने में कोच अनुराग साहा, बबलू कुमार एवं अविनाश कुमार के साथ-साथ नवगछिया के पूर्व खिलाड़ी निखिल रंजन उर्फ नीतीश तथा संतोष कुमार उर्फ बब्बू जी का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। तीनों खिलाड़ी नियमित अभ्यास और अनुशासन के साथ प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं, जिससे उनकी प्रतिभा को सही दिशा मिल रही है।
लगातार चयन से नवगछिया के खिलाड़ियों की पहचान जिला एवं राज्य स्तर पर मजबूत हो रही है। आसपास के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में युवा खिलाड़ी अब नवगछिया क्रिकेट अकैडमी में नियमित अभ्यास करने पहुंच रहे हैं।
तीनों खिलाड़ियों के चयन पर अध्यक्ष राजेश कुमार झा, सचिव प्रफुल्ल कुमार सिंह, संयुक्त सचिव निलेश कुमार झा, कोषाध्यक्ष संतोष कुमार बब्बू, निदेशक निखिल रंजन, पंकज कुमार, कोच अनुराग साहा, बबलू कुमार, अविनाश कुमार, देवकांत कुमार सहित अन्य सदस्यों ने शुभकामनाएं देते हुए खिलाड़ियों को निरंतर अभ्यास जारी रखने की सलाह दी।

अकैडमी प्रबंधन ने बताया कि इच्छुक अभिभावक अपने बच्चों को क्रिकेट प्रशिक्षण हेतु नौगछिया क्रिकेट अकैडमी में नामांकन करा सकते हैं।














