5
(1)

एक लाख रुपये की अवैध निकासी मामले में आरोपी गिरफ्तार

नवगछिया। पुलिस जिला नवगछिया के साइबर थाना पुलिस ने इंदिरा आवास योजना एवं वृद्धा पेंशन का लाभ दिलाने के नाम पर बायोमेट्रिक का दुरुपयोग कर बैंक खाते से करीब एक लाख रुपये की अवैध निकासी करने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से बायोमेट्रिक मशीन, मोबाइल फोन, बैंक पासबुक और एक मोटरसाइकिल भी बरामद की है।

पुलिस के अनुसार 25 जून 2026 को वादी गुजो साह ने साइबर थाना, नवगछिया में शिकायत दर्ज कराई कि जितेंद्र कुमार ने उन्हें और उनकी पत्नी को इंदिरा आवास एवं वृद्धा पेंशन योजना का लाभ दिलाने का झांसा देकर पहले उनके बायोमेट्रिक अंगूठे के निशान लिए थे। बाद में जब बैंक खाते को अपडेट कराने की प्रक्रिया शुरू हुई, तब पता चला कि उनके बैंक खातों से लगभग एक लाख रुपये की अवैध निकासी कर ली गई है।

शिकायत के दौरान ही यह भी जानकारी मिली कि आरोपी दोबारा बायोमेट्रिक मशीन पर अंगूठा लगवाने के उद्देश्य से गांव पहुंचा था। ग्रामीणों को पहले से ठगी की आशंका थी। जैसे ही आरोपी गांव पहुंचा, स्थानीय लोगों ने उसे पकड़ लिया और इसकी सूचना तत्काल साइबर थाना पुलिस को दी।

सूचना मिलते ही साइबर थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और आरोपी जितेंद्र कुमार, पिता मनोज साह, निवासी आलमनगर थाना क्षेत्र, जिला भागलपुर को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

इस संबंध में साइबर थाना कांड संख्या 31/26 के तहत संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपी ने इसी प्रकार अन्य लोगों के साथ भी साइबर ठगी की है या नहीं।

गिरफ्तार आरोपी के पास से एक मोबाइल फोन, एक बायोमेट्रिक मशीन, दो बैंक पासबुक तथा एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है, जिन्हें पुलिस ने जब्त कर लिया है।

नवगछिया साइबर थाना पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी सरकारी योजना का लाभ दिलाने के नाम पर किसी अनजान व्यक्ति को अपना बायोमेट्रिक, ओटीपी, बैंक खाता या अन्य गोपनीय जानकारी न दें। किसी भी प्रकार की साइबर ठगी की स्थिति में तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं अथवा निकटतम साइबर थाना से संपर्क करें।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: