


नवगछिया। गोपालपुर थाना क्षेत्र के गोसाईं गांव पीपल पेड़ के समीप शुक्रवार को एक दर्दनाक घटना में सड़क पर पैदल जा रहे एक व्यक्ति की गिरने से मौत हो गई। परिजनों द्वारा इलाज के लिए अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।
मृतक की पहचान नवगछिया थाना क्षेत्र के आचार्य टोला पकरा निवासी 50 वर्षीय पप्पू आचार्य, पिता उपेंद्र आचार्य के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि पप्पू आचार्य अविवाहित थे उन्होंने शादी नहीं की थी । परिवार वालों के साथ ही रहते थे ।
जानकारी के अनुसार गोसाईं गाँव पीपल के पेड़ के पास चलते समय उनका पैर फिसल गया अथवा ठोकर लगने से वह अचानक सड़क पर गिर पड़े। गिरने के बाद उन्हें गंभीर चोट लगी और उनकी हालत बिगड़ गई। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल इसकी सूचना परिजनों को दी।
सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और आनन-फानन में उन्हें इलाज के लिए नवगछिया अनुमंडल अस्पताल लेकर गए। हालांकि अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक के असामयिक निधन से पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों ने बताया कि पप्पू आचार्य सरल और मिलनसार स्वभाव के व्यक्ति थे। उनके निधन से गांव में शोक का माहौल है।
परिजनों के अनुसार पप्पू आचार्य ने विवाह नहीं किया था और परिवार के साथ ही रहते थे। फिलहाल मौत के वास्तविक कारणों को लेकर परिजन और स्थानीय लोग स्तब्ध हैं।















