


नवगछिया : साइबर ठगी के शिकार हुए इस्माइलपुर थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर निवासी प्रवीण कुमार को साइबर थाना नवगछिया की त्वरित कार्रवाई से बड़ी राहत मिली है। साइबर अपराधियों द्वारा ठगे गए 9,785 रुपये की पूरी राशि उनके बैंक खाते में वापस करा दी गई है।
साइबर थाना से प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रवीण कुमार ने अपने साथ हुई साइबर ठगी की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत मिलते ही साइबर थाना की टीम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तकनीकी जांच शुरू कर दी। जांच के दौरान संबंधित बैंक और अन्य एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित कर ठगी गई राशि का पता लगाया गया।
लगातार प्रयास और त्वरित कार्रवाई के परिणामस्वरूप 9,785 रुपये की पूरी राशि सफलतापूर्वक पीड़ित के बैंक खाते में वापस क्रेडिट करा दी गई। राशि वापस मिलने के बाद प्रवीण कुमार ने साइबर थाना नवगछिया की तत्परता और प्रभावी कार्रवाई के प्रति आभार व्यक्त किया।
साइबर थाना नवगछिया ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की साइबर ठगी, फर्जी कॉल, संदिग्ध लिंक, ऑनलाइन लोन, केवाईसी अपडेट या बैंकिंग धोखाधड़ी का शिकार होने पर तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें या शिकायत दर्ज कराएं।
पुलिस ने लोगों को जागरूक करते हुए कहा है कि ओटीपी, बैंक खाता संख्या, एटीएम कार्ड विवरण, सीवीवी नंबर और यूपीआई पिन जैसी गोपनीय जानकारी किसी भी व्यक्ति के साथ साझा न करें। साथ ही किसी अनजान लिंक पर क्लिक करने से बचें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि समय पर शिकायत मिलने से ठगी गई राशि की रिकवरी की संभावना काफी बढ़ जाती है। इसलिए साइबर अपराध का शिकार होने पर बिना देरी किए शिकायत दर्ज कराना बेहद जरूरी है।













