


भागलपुर जिले के कहलगांव विधानसभा क्षेत्र स्थित तारड़ कॉलेज परिसर में लगभग 1 करोड़ 75 लाख रुपये की लागत से एक विशाल खेल स्टेडियम का निर्माण कराया जा रहा है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना को लेकर खेल प्रेमियों, खिलाड़ियों और स्थानीय लोगों में काफी उत्साह देखा जा रहा है।
स्टेडियम के निर्माण से क्षेत्र के खिलाड़ियों को आधुनिक खेल सुविधाएं उपलब्ध होंगी, जिससे उन्हें अपनी प्रतिभा निखारने और राज्य तथा राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करने का अवसर मिलेगा। खेल अवसंरचना के विकास की दिशा में इसे कहलगांव अनुमंडल के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
तारड़ कॉलेज के पूर्व प्राचार्य एवं वर्तमान सचिव डॉ. प्रदीप कुमार सिंह ने कहा कि यह कॉलेज और पूरे भागलपुर जिले के लिए गर्व की बात है कि इतना बड़ा और आधुनिक खेल स्टेडियम तारड़ कॉलेज परिसर में बन रहा है। उन्होंने कहा कि इस स्टेडियम के निर्माण से क्षेत्र के युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए बेहतर मंच मिलेगा और खेल गतिविधियों को नई दिशा मिलेगी।
डॉ. सिंह ने बताया कि कॉलेज के समग्र विकास और विद्यार्थियों के हित में वे पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य कर रहे हैं। उनका मानना है कि शिक्षा के साथ-साथ खेल भी युवाओं के व्यक्तित्व विकास का महत्वपूर्ण माध्यम है, इसलिए खेल सुविधाओं का विस्तार समय की आवश्यकता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि स्टेडियम के निर्माण से न केवल खिलाड़ियों को लाभ मिलेगा, बल्कि क्षेत्र में बड़े खेल आयोजनों की संभावनाएं भी बढ़ेंगी, जिससे कहलगांव और भागलपुर की पहचान खेल मानचित्र पर और मजबूत होगी।













