


भागलपुर : एनटीपीसी कहलगांव ने अपने कॉरपोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) कार्यक्रम के तहत बालिका सशक्तिकरण अभियान की शुरुआत की। इस अभियान का उद्देश्य बालिकाओं के आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, जीवन-कौशल और सर्वांगीण विकास को बढ़ावा देना है।
कार्यक्रम का शुभारंभ एनटीपीसी के निदेशक (प्रचालन) रविन्द्र कुमार, संयुक्त महिला समिति की वरिष्ठ सदस्य चंदना कुमारी तथा परियोजना प्रमुख रविन्द्र पटेल ने कहलगांव स्थित अंग भवन में दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम का संचालन जनसंपर्क पदाधिकारी (पीआरओ) प्रिया कुमारी ने किया।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए निदेशक (प्रचालन) रविन्द्र कुमार ने कहा कि बालिका सशक्तिकरण अभियान एनटीपीसी की एक महत्वपूर्ण सीएसआर पहल है। इसका उद्देश्य बालिकाओं को शिक्षा, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और जीवन के विभिन्न क्षेत्रों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना है। उन्होंने कहा कि सशक्त बेटियां ही समाज और राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला होती हैं।
कार्यक्रम के दौरान विधा भवन एवं बाल भवन के बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। बच्चों की प्रस्तुति ने उपस्थित अतिथियों और दर्शकों का मन मोह लिया।
समारोह में एनटीपीसी के अधिकारियों, कर्मचारियों तथा संयुक्त महिला समिति की सदस्यों की भी सक्रिय भागीदारी रही। कार्यक्रम का समापन अपर महाप्रबंधक (मानव संसाधन) भास्कर गुप्ता के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।
एनटीपीसी द्वारा चलाया जा रहा यह अभियान क्षेत्र की बालिकाओं को आत्मनिर्भर, जागरूक और सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।













